चंडीगढ़. चंडीगढ़ की कुड़ी पूजा टंडन ने फिर शहर का नाम रोशन किया है। सेक्टर-36 स्थित एमसीएम कॉलेज से समाज विज्ञान से स्नातक पूजा टंडन ने दूसरी बार ‘लक्स परफेक्ट ब्राइड ऑफ द वीक’ का खिताब अपने नाम कर लिया है। इस कार्यक्रम में देश भर के चयनित प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं। पूजा को अदाकारी अपने पिता विजय टंडन से विरासत में मिली है। विजय टंडन चार दर्जन से अधिक पंजाबी फिल्मों में काम कर चुके हैं। फिल्म कचहरी के लिए इन्हें राष्ट्रीय पुरस्कार से भी सम्मानित किया जा चुका है।
बेटी पर नाज है
विजय टंडन ने बताया कि पूजा ने स्कूल से लेकर कॉलेज तक विभिन्न मंचों पर अपनी छाप छोड़ी है। पूजा बेहद प्रतिभाशाली है। वह बड़ों से ही नहीं छोटों से भी सिखने में हिचकती नहीं।
भैया दूज पर रहा मलाल
पूजा के एकलौते भाई गौतम को भैया दूज पर बहन की बहुत याद आई, क्योंकि वह अपनी बहन से दूर था। बात भी नहीं हो पाई, पूजा शूटिंग में व्यस्त थी। मां ने ही गौतम को तिलक लगाया और मिठाई खिलाई।
आंखों से छलक आए आंसू
‘लक्स परफेक्ट ब्राइड ऑफ द वीक’ के लिए दूसरी बार सबसे खूबसूरत दुल्हन चयनित होने पर सबसे पहले पूजा ने अपनी बुआ को याद किया। पूजा अपनी बुआ से बेहद प्यार करती हैं। बुआ उनके लिए प्रेरणा का स्त्रोत रहीं। लेकिन पूजा को यह पता नहीं कि दो हफ्ते पहले ही उनकी बुआ का निधन हो गया है। विजय बताते हैं कि उन्होंने पूजा को उसकी बुआ के निधन की सूचना नहीं दी, क्योंकि इससे उसके परफार्मेस पर बुरा असर पड़ सकता था।
पूजा प्रतिभाशाली लड़की है। उन्होंने सतश्री अकाल में मुख्य भूमिका निभाकर इसका परिचय दिया है। वह अभिनय के क्षेत्र में बहुत आगे बढ़ेगी। - पुनीत बेदी,प्रिंसिपल, एमसीएम डीएवी कॉलेज