सुबह साढ़े पांच बजे उठकर दिन की शुरुआत करना किसी को पसंद नहीं आएगा, लेकिन अगर यह काम साउथ अफ्रीकन सफारी देखने के लिए जाना हो तो आप आम दिनों से ज्यादा जल्दी और फौरन तैयार हो जाएंगे।
जी हां अफ्रीकन सफारी का अनुभव ही कुछ ऐसा है जो आप जीवन भर नहीं भूल पाएंगे। बस सुबह की कॉफी लीजिए और कीचड़ भरे रास्तों मंे सफर के लिए तैयार हो जाइए। कुछ ही देर में आप खुद को नाश्ता और दोपहर का खाना सवाना के जंगलों के बीच करता पाएंगे।
यहां आपका स्वागत जेब्रा और जिराफ की टोली करेगी। जब आप बिस्किट सैंडविच, कॉफी या दूसरी चीजें यहां खाना शुरू करेंगे तो यह आनंद ही कुछ और होगा।
गेम की शुरुआत
अफ्रीकन सफारी को गेम कहते हैं और जंगल में जाने पर इसे गेम ड्राइव का नाम दिया जाता है। सफारी घने जंगलों की कई घंटों तक सैर करने को कहा जाता है। इसलिए हर पांच मिनट में जानवर न दिखने पर परेशान मत हो।
अफ्रीकन सफारी के पांच मुख्य आकर्षणों मंे सफेद राइनो, हाथी, शेर, चीता और भैंस हैं। इन्हें वहां बिग फाइव कहा जाता है। भारतीय होने के नाते हम अपने यहां इन्हें देख चुके होते हैं, लेकिन अफ्रीका के यह बिग फाइव हमारे देश में पाए जाने वाले सामान्य आकार से काफी बड़े होते हैं।
लक्जरी लॉज
साउथ अफ्रीका की गोद में कई राष्ट्रीय उद्यान हैं, सफारी के तहत जंगलों में बने शानदार लॉज में रुकने का अपना ही मजा है। यहां आप अफ्रीका के खान-पान, आरामदायक जगह, ग्लास की दीवार वाले बाथरूम सभी का आनंद उठा सकते हैं। यहां की सुबह खूबसूरती का आनंद उठाने, दोपहर शेर या दूसरे जंगल जानवरों को भोजन करता देखने के लिए और रात का वक्त जंगल में बैठकर तारे गिनने के लिए उपयुक्त है।
जंगल में हर तरफ दिखाई देता है मंगल
सफारी की शुरुआत करते हुए आपको हिरन की कई प्रजातियां मिलती हैं, दुनिया का सबसे छोटा हिरन स्टीनबोक भी दिखाई दे सकता है। इसके अलावा 2-3 मीटर की ऊंचाई तक छलांग मारने वाला कुडू हिरन भी दिख सकता है। लुप्त होने की कगार पर पहुंच चुका और बेहद कीमती माना जाने वाला रोन भी सफारी में नजर आ सकता है।
यहां की खतरनाक ग्नू बेहद सुस्त किस्म की भैंस है, इसी तरह पूंछ ऊपर करके चलने वाले वाइल्ड हॉग आपको गुदगुदाने के लिए काफी हैं। अगर किस्मत अच्छी रही तो ऑस्ट्रिच भी दिखाई दे सकते हैं।