Chandigarh
सेंट स्टीफंस बना चैंपियन
Bhaskar News Tuesday, October 20, 2009 10:00 [IST]  

चंडीगढ़. सलामी बल्लेबाज करन अग्रवाल के बेहतरीन 66 रन और उदित हरि मेहता के ऑलराउंड प्रदर्शन (59 रन और 4 विकेट) की मदद से सेंट स्टीफंस स्कूल सेक्टर—45 ने डीएवी 8 को 9 विकेट से पराजित कर छठे मोली कारवर मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट में खिताबी जीत दर्ज की।



मेहता को मैन ऑफ द मैच चुना गया। मेजबान स्कूल के मैदान पर खेले गए फाइनल मैच में स्टीफंस ने इसके साथ ही पिछले साल फाइनल में हुई हार की कसक भी निकाल ली। डीपी आजाद अकादमी दरा आयोजित टूर्नामेंट में डीएवी 8 ने टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। लेकिन स्टीफंस के उदित हरि मेहता की घातक गेंदबाजी के आगे डीएवी की टीम 41.2 ओवर में 144 रन पर सिमट गई। मेहता ने 10 ओवर में 2 मेडन सहित 31 रन देकर 4 खिलाड़ियों को पेवेलियन का रास्ता दिखाया।



अभिलाष शर्मा और अनमोल सिंह रत्न ने 2—2 विकेट झटके। डीएवी की तरफ से अरविंद चौहान ने 5 चौकों की मदद से 52 रन की पारी खेली। इसके अलावा भागमिंदर ने लाठर ने 26 और हरप्रीत सिंह ने 22 रन का योगदान दिया। जवाब में स्टीफंस ने यह लक्ष्य 29.1 ओवर में 1 विकेट खोकर हासिल कर लिया।



सलामी बल्लेबाजों करन अग्रवाल और उदित हरि मेहता ने पहले विकेट के लिए 100 रन जोड़ कर टीम की जीत तय करने में अहम भूमिका निभाई। करन अग्रवाल ने नाबाद 66 रन बनाए जबकि मेहता ने गेंदबाजी में कमाल करने के बाद बल्लेबाजी में भी हाथ दिखाते हुए 59 रन की शानदार पारी खेली।



डीएवी की तरफ से एकमात्र विकेट निशांत ने लिया। टूर्नामेंट में स्टीफंस के उदित हरि मेहता को 7 विकेट और 184 रन के प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द सीरीज चुना गया। इसके अलावा शिवम भारदज को बेस्ट विकेटकीपर, अनमोल सिंह रत्न को बेस्ट बॉलर, अरविंद को बेस्ट फील्डर, करन अग्रवाल को बेस्ट बैट्समैन और अभिमन्यु को मोस्ट प्रोमेसिंग प्लेयर चुना गया।



इस अवसर पर बीसीसीआई की जूनियर चयन समिति के सदस्य अरूण शर्मा और पंजाब की जूनियर चयन समिति के सदस्य मोनिश अग्रवाल को सम्मानित किया गया। स्कूल के प्रिसिंपल हेराल्ड कारवर ने खिलाड़ियों को पुरस्कार बांटे।

 
 


अपने विचार यहां लिखें:
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: