लुधियाना. नीम वाला चौक के पास स्थित सचिन आर्मी स्टोर में मंगलवार रात अचानक शार्ट सर्किट से आग लग गई। यह पांच मंजिला इमारत है। फायर ब्रिगेड ने फैलने से पहले ही आग पर काबू पा लिया है। फिर भी इस आग में काफी नुकसान हुआ है। सचिन आर्मी स्टोर के मालिक सचिन एबर्ट के अनुसार वह साढ़े आठ बजे ही शटर गिरा कर घर गया था। नीचे की मंजिल पर दुकान है, ऊपर की मंजिलों पर गोदाम बनाए हुए हैं।
आग लगने का पता मोहल्ला वासियों को सबसे पहले लगा। दुकान के रौशनदान से धुआं निकलते देख उन्होंने दुकान मालिक व फायर ब्रिगेड को सूचित किया। शटर के ताले तोड़ कर देखा तो आग ने दुकान में रखे सामान व फर्नीचर पर काबू पा लिया था। फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियों ने करीब पौने घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। स्टोर मालिक के अनुसार अभी इस आग में हुए नुकसान के बारे में स्पष्ट नहीं कहा जा सकता है।