Ludhiana
किसकी है ये पांच सौ टीन मिठाई
Bhaskar News Wednesday, October 21, 2009 02:53 [IST]  

लुधियाना. फेस्टिवल सीजन मंे मिलावट रोकने के लिए की गई एक कार्रवाई खुद सेहत विभाग के अधिकारियों के लिए मुसीबत बन गई है। काराबारा के किसान कोल्ड स्टोर में सील पांच सौ टीन मिठाई का कोई दावेदार सामने नहीं आया है। कोल्ड स्टोर का मालिक भी विभाग को ज्यादा जानकारी नहीं उपलब्ध करा पाया है। अब विभाग को सूझ नहीं रहा कि आखिरकार मिठाई की इतनी बड़ी खेप का वह करे क्या?



विभाग को इस बात का भी डर है कि जल्दबाजी में कोई फैसला कर वह किसी कानूनी पचड़े में न फंस जाए। बहरहाल, कोई हल नहीं सूझता देखकर सेहत विभाग ने कानूनी राय जुटानी शुरू कर दी है। जिला सेहत अधिकारी डा.यूएस सूच के मुताबिक इस बारे में डीए लीगल से कानूनी राय मांगी जाएगी। उसके बाद ही कोई अगली कार्रवाई की जाएगी।



दरअसल दीवाली से पहले सेहत अधिकारियों ने किसान कोल्ड स्टोर पर छापा मारकर वहां से करीब 1160 टीन मिठाइयां सील कर दी थी। चार हलवाई मौके पर पहुंच गए, जिस पर विभाग ने उनके माल के सैंपल भरकर चंडीगढ़ भेज दिए। जांच में ये सैंपल पास हो गए, जिस पर उनके मालिकों को माल वापस लौटा दिया गया।



करीब पांच सौ टीन मिठाइयों का कोई दावेदार ही सामने नहीं आया। अधिकारियों के मुताबिक कोल्ड स्टोर मालिक के पास माल रखकर जाने वालों के बारे ज्यादा जानकारी नहीं है। वह उनके पतों के बारे में ज्यादा कुछ नहीं बता सका। इस मिठाई के सैंपल ही टेस्ट नहीं हुए, इसलिए विभाग यह भी नहीं कह सकता कि यह इस्तेमाल के लायक नहीं है। ऐसे मंे अधिकारी असमंजस में है कि मिठाई का क्या निपटारा करें?



स्टोर पर सेहत विभाग की रेड, एक्सपायरी डेट के पनीर व ऑयल के सेंपल लिए



शहर के बीचो बीच बने एक शॉपिंग माल में स्थित डिपार्टमेंटल स्टोर में सेहत विभाग की टीम ने छापामारी की। टीम को सूचना थी कि स्टोर में एक्सपायरी डेट का खाद्य पदार्थ आधी कीमत पर बिक रहा है। रेड के दौरान कवरेज करने पहुंचे मीडिया के लोगों से भी डिपार्टमेंट स्टोर के मुलाजिमों ने बदसलूकी की और उन्हें बंधक बना लिया। पुलिस ने ही आकर मीडिया के लोगों को वहां से छुड़वाया। पुलिस ने मौके से दो महिलाओं समेत कुछ लोगों को हिरासत में ले लिया है।



फिलहाल खबर लिखे जाने तक कोई मामला दर्ज नहीं हो सका था। मंगलवार शाम जिला सेहत अधिकारी डाक्टर यूएस सूच ने अपनी टीम को साथ लेकर शापिंग मॉल में बने डिपार्टमेंट स्टोर में रेड की। सूचना थी कि स्टोर में एक्सपायरी डेट का सामान बेचा जा रहा है। टीम ने वहां जाकर चैकिंग की, तो वहां स्टॉल पर पनीर और ऑयल एक्सपायरी डेट का पड़ा था। जो आधी कीमत पर बेचा जा रहा था। टीम ने मौके पर ही सेंपल लिए। रेड की सूचना मिलने पर मीडिया के लोग भी कवरेज करने के लिए वहां पहुंच गए।



कवरेज करने के बाद जब मीडिया के लोग जाने लगे, तो स्टोर वालों ने गेट पर अपनी स्कियोरिटी के लोगों को तैनात कर दिया। उन लोगों ने कुछ मीडिया वालों से हाथापाई की और उन्हें बंधक बना लिया। फोन पर ही मीडिया के लोगों ने पुलिस के आला अधिकारियों को इस बाबत सूचना दी। सूचना मिलने पर डीएसपी नगिंदर राणा, थाना डिवीजन नंबर दो के प्रभारी हरविंदर सिंह व थाना कोतवाली के एसएचओ मनजिंदर सिंह मौके पर पहुंचे और मीडिया के लोगों को बाहर निकाला। पुलिस ने वहां से कुछ लोगों को हिरासत में ले लिया। इसके बाद ही मामला शांत हो पाया।

  Bookmark and Share
 


अपने विचार यहां लिखें:
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: