लुधियाना. नौसरबाज लोगों को लूटने के लिए नए—नए ढंग अख्तियार कर लेते हैं। मंगलवार को मदद करने के बहाने से आया नौसरबाज यार्न ट्रेडर को लूट कर चलता बना। नौसरबाज ने उसका एटीएम कार्ड बदल कर खाते में से करीब 50 हजार रुपए निकाल लिए।
यार्न ट्रेडर को लुटने का पता तब चला जब उसे मोबाइल फोन पर खाते से रुपए निकलने की सूचना मिली। ट्रेडर ने घटना की शिकायत थाना डिवीजन नंबर तीन में दे दी है। जांच में पता चला कि आरोपी ने उसके खाते से 25 हजार रुपए निकालने के अलावा अन्य 25 हजार रुपए किसी अन्य खाते में ट्रांसफर कर निकलवा लिए।
नीम वाला चौक, रहमतुल्ला रोड निवासी यार्न ट्रेडर अशरफ के अनुसार उसकी राजा वूल स्टोर के नाम से दुकान है। वह मंगलवार को ब्राउन रोड पर स्थित पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम से रुपए निकलवाने गया। अशरफ के अनुसार रुपए निकलवाने में कुछ समस्या आ रही थी। इतनी देर में करीब 30 वर्षीय क्लीन शेव युवक वहां आया।
उसने अशरफ से उसका एटीएम कार्ड लेकर रुपए निकाल कर देने की पेशकश की। इसी दौरान आरोपी ने उसका एटीएम कार्ड बदल लिया और वहां से निकल गया। कुछ देर बाद आरोपी ने उसके खाते से 25 हजार रुपए निकलवा दिए।
बैंक में शिकायत की तो पता चला कि आरोपी नौसरबाज ने उसके खाते से करीब 25 हजार रुपए किसी और खाते में ट्रांसफर कर दिए। खाते में रुपए ट्रांसफर होने के 10 मिनट बाद फगवाड़ा से भी रुपए निकालवा लिए गए। अशरफ के अनुसार बैंक के उक्त एटीएम केबिन में लगा सीसीटीवी खराब होने की जानकारी मिली है।