लुधियाना. पंजाब राज्य बिजली बोर्ड, जनता नगर डिवीजन ने सोमवार की रात दशमेश नगर में बर्फ फैक्ट्री में बड़े स्तर पर बिजली की चोरी पकड़ी है। फैक्ट्री के संचालक बलदेव सिंह को 14 लाख रुपए जुर्माना किया है। उसके खिलाफ एंटी पावर थैफ्ट थाने में बिजली चोरी के आरोप में मामला दर्ज करने की सिफारिश की जा रही है।
अधिकारियों के मुताबिक उन्हें सूचना मिली थी कि बलदेव सिंह बिजली की चोरी कर अपनी बर्फ फैक्ट्री चला रहा है। सोमवार को उक्त फैक्ट्री में जांच की गई, तो यहां करीब 53 किलोवॉट लोड का इस्तेमाल होते पाया गया। जांच में पाया गया कि बलदेव सिंह ने फैक्ट्री के निकट से गुजरती घरेलू सप्लाई लाइन को ट्रैप कर अपनी फैक्ट्री चला रहा था। यह लाइन निरंजन नामक व्यक्ति के घर की तरफ जा रही थी। लोड चेकिंग रिपोर्ट तैयार कर बलदेव सिंह को 14.38 लाख रुपए जुर्माना किया गया है।