Chandigarh
सीबीएसई की तर्ज पर बनेगा मदरसा बोर्ड : किदवई
Bhaskar News Wednesday, October 21, 2009 07:05 [IST]  

चंडीगढ़. केंद्र सरकार ने सीबीएसई की तर्ज पर देशभर के मदरसों के लिए मदरसा बोर्ड बनाने का बिल तैयार कर लिया है। इसे शीघ्र ही पारित कर दिया जाएगा। यह जानकारी अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव इमरान किदवई ने मंगलवार को चंडीगढ़ प्रेस क्लब में दी। उन्होंने बताया कि इसके तहत मदरसों में बच्चों को उर्दू के साथ-साथ अंग्रेजी, हिंदी, कंप्यूटर व साइंस भी पढ़ाए जाएंगे। यह बिल आगामी या इससे अगले सेशन में पास होने के लिए सदन में रखा जाएगा।



उन्हांेने कहा कि वर्ष 2004 में अल्पसंख्यकों के जीवन स्तर में सुधार के लिए सच्चर कमेटी का गठन किया गया था। इस कमेटी ने 29 सिफारिशें की हैं। इनमें से 19 पर काम शुरू हो चुका है और नतीजे भी सामने आने लगे हैं। कमेटी की सिफारिशों के तहत अल्पसंख्यक समुदाय के लिए अलग से बैंक खोलने के साथ उन्हें शिक्षित करने के विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं।



वक्फ बोर्ड की प्रॉपर्टी का रिकॉर्ड होगा ऑनलाइन



किदवई के मुताबिक देशभर में वक्फ बोर्ड की प्रॉपर्टी का रिकॉर्ड ऑनलाइन किया जाएगा। रहमान अली खां के नेतृत्व में गठित कमेटी ने भी वक्फ बोर्ड का कामकाज कंप्यूटराइज्ड करने की सिफारिश की थी। इस कमेटी में सांसद शामिल थे। कमेटी की रिपोर्ट को स्टडी किया जा रहा है।



इसके लिए 80 करोड़ रुपये का बजट पास हो चुका है। ऑनलाइन होने से वक्फ बोर्ड की शेष बची प्रॉपर्टी का रिकॉर्ड तैयार होगा। वहीं कब्जाई गई प्रॉपर्टी को भी खाली कराने के प्रयास होंगे। उनके मुताबिक चंडीगढ़ कांग्रेस के अल्पसंख्यक सेल ने कुछ समस्याएं उठाई हैं जिन्हें हल कराने का प्रयास किया जाएगा।



सांसद बनाम प्रशासक विवाद जल्द हल होगा



चंडीगढ़ कांग्रेस के नेताओं की प्रशासन में सुनवाई न होने के बारे में पूछे जाने पर किदवई ने कहा कि यह मामला जल्द ही हल हो जाएगा। उनके मुताबिक प्रशासक रोड्रिग्स का कार्यकाल खत्म होने वाला है जिससे सारी समस्याएं हल होने की उम्मीद है।



तीनों राज्यों में कांग्रेस बनाएगी सरकार



किदवई ने कहा कि हाल ही में हरियाणा, महाराष्ट्र और अरुणाचल प्रदेश में हुए विधानसभा चुनावों में कांग्रेस बहुमत से जीतकर सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि इन राज्यों में भाजपा पहले से भी ज्यादा सिकुड़ जाएगी। उनके मुताबिक लालकृष्ण आडवाणी और राजनाथ सिंह में विवाद के बाद भाजपा का जनाधार लगातार कम हो रहा है।



भड़काऊ भाषण के केस में मिली जमानत



लोकसभा चुनाव के दौरान जामा मस्जिद, सेक्टर 20 के पास ग्राउंड में हुई कांग्रेस पार्टी की जनसभा में कथित भड़काऊ भाषण देने के केस की पेशी के लिए इमरान किदवई मंगलवार को शहर में थे। वह जिला सत्र अदालत में मनीषा जैन की कोर्ट में पेश हुए। यहां उन्हें जमानत दे दी गई। केस की अगली सुनवाई 8 जनवरी, 2010 में होगी।

  Bookmark and Share
 


अपने विचार यहां लिखें:
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: