Chandigarh
विरोधियों को आंक रहे खिलाड़ी
गौरव भाटिया Wednesday, October 21, 2009 07:07 [IST]  

चंडीगढ़. कोई मोबाइल पर गेम खेल रहा है तो कोई एसएमएस चेटिंग में व्यस्त है। कुछ ऐसे भी हैं जो लंबे सफर की थकान सोकर उतारने में लगे हैं। यह हाल है 55 वें नेशनल स्कूल गेम्स के लिए शहर में विभिन्न राज्यों से आए खिलाड़ियों का। मंगलवार को ज्यादातर टीम उन राज्यों से पहुंची जो चंडीगढ़ से काफी दूर स्थित हैं। खिलाड़ियों का मनोबल तो बुलंद है लेकिन मंगलवार को उन्होंने आराम करने का ही फैसला किया ताकि बुधवार को तरोताजा होकर अभ्यास शुरू कर सकें।



कड़े मुकाबले को तैयार



कर्नाटक की जिम्नास्टिक की खिलाड़ी सॉम्या ने बताया कि चार दिन के लम्बे सफर के बाद थकान काफी है। इसलिए आज आराम और कल से काम (अभ्यास)शुरू करेंगे। सॉम्या ने कहा कि उन्होंने प्रतियोगिता को जीतने के लिए कड़ी मेहनत की है आगे देखते हैं क्या होता है। उन्हें लगता है कि पश्चिम बंगाल और महाराष्ट्र की टीम के साथ उनका कड़ा मुकाबला होगा।



चंडीगढ़ की टीम के खिलाड़ी के साथ होने वाले मुकाबले में सॉम्या को जीत सुनिश्चित नजर आती है। कोच सलोमी ने बताया कि खेल डिपार्टमेंट के इंतजाम से वे संतुष्ट हैं। अभी तक किसी प्रकार की कोई समस्या नहीं आई है। महाराष्ट्र की फेंसिंग की खिलाड़ी स्नेहल विधाता ने बताया कि प्रतियोगिता को जीतने के लिए रोज सुबह शाम चार—चार घंटे का अभ्यास किया है।



उसे लगता है कि मुकाबला चंडीगढ़ से नहीं बल्कि केरल या मणिपुर से आने वाली टीम के खिलाड़ियों के साथ होगा। महाराष्ट्र के फेंसिंग के खिलाड़ी शोएब अहमद के मुताबिक मणिपुर को हरा दिया तो समझो प्रतियोगिता में किसी और टीम के खिलाड़ी को हराना मुश्किल नहीं होगा।



22 से होंगी प्रतियोगिताएं



नेशनल स्कूल गेम्स की आयोजक कमेटी के चेयरमैन और प्रशासन के गृहसचिव रामनिवास ने मंगलवार को खेलों के लिए की गई तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 22 से 27 अक्टूबर तक होने वाले इन खेलों में 25 राज्यों के तीन हजार खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।



प्रशासक एस एफ.रोड्रिग्स सेक्टर—7 स्थित स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स में इनका शुभारंभ करेंगे। जबकि समापन समारोह की अध्यक्षता प्रशासक सलाहकार प्रदीप मेहरा करेंगे। इस बार के खेलों में जिम्नास्टिक, डॉजबॉल, फेंसिंग और सॉफ्टबॉल की प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी।



14 स्कूलों में ठहरेंगे बच्चे



विभिन्न राज्यों से आने वाले खिलाड़ी जिन 14 स्कूलों में ठहरेंगे वहां पर खेलों के समापन तक पहली से आठवीं क्लास तक अवकाश रहेगा जबकि नौंवी से बारहवीं तक की कक्षाएं पूर्वानुसार लगेंगी। सिलेबस को पूरा करने के लिए इन स्कूलों को दूसरे शनिवार को खोला जाएगा।



ये स्कूल रहेंगे बंद



डीएवी सीनियर सेकंडरी स्कूल सेक्टर-8, गवर्नमेंट मॉडल सीनियर सेकंडरी स्कूल सेक्टर-26 (टीएम), 8, 22 और 21, गवर्नमेंट मॉडल हाई स्कूल सेक्टर-28सी, 28 डी और 20 डी, गवर्नमेंट हाई स्कूल सेक्टर- 24 और 7, गवर्नमेंट सीनियर सेकंडरी स्कूल सेक्टर-15, गवर्नमेंट मॉडल मिडल स्कूल सेक्टर- 23, गवर्नमेंट गल्र्स सीनियर सेकंडरी स्कूल सेक्टर- 23 और 20बी।



कंट्रोल रूम भी स्थापित किया



किसी भी समस्या से निपटने के लिए गवर्नमेंट मॉडल सीनियर सेकंडरी स्कूल सेक्टर 8 में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। खिलाड़ियों को लाने ले जाने के लिए बस की व्यवस्था है। खिलाड़ियों को पौष्टिक और स्वच्छ खाना मिले इसके लिए पांच मेस बनाए गए हैं।



खेलों के दौरान डॉक्टरों की टीम और एंबुलेंस की व्यवस्था भी होगी। ये टीम पहुंच चुकी हैं शहर में शहर में मंगलवार को कर्नाटक, पश्चिम बंगाल, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, त्रिपुरा, तमिलनाडु, मणिपुर से खिलाड़ियों की टीमें पहुंच चुकी हैं, अन्य टीम बुधवार को शहर में पहुंच रही हैं।

  Bookmark and Share
 


अपने विचार यहां लिखें:
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: