चंडीगढ़. एलजी एम्मेच्योर समरवीर साही गोल्फ टूर्नामेंट के पहले दिन चंडीगढ़ के अभिजित चड्ढा ने पहले दौर के बाद टॉप पोजिशन हासिल कर ली। अभिजित के साथ दिल्ली के राहुल बजाज भी संयुक्त रूप से टॉप पर पहुंच गए हैं। चंडीगढ़ गोल्फ क्लब में आयोजित टूर्नामेंट के पहले दिन अभिजित ने शानदार खेल दिखाया।
अभिजिति के ठीक पीछे उनके कजिन 15 साल के तरूणदीप चड्ढा है। तरूणदीप ने पहले दिन सबको हैरान करते हुए वन ओवर पार 73 के साथ राउंड समाप्त किया। शुरूआत में उन्होंने एक के बाद एक कई बोगी की लेकिन वापसी करते हुए एक ओवर पार का स्कोर किया। इसके बाद फ्रंट नाइन में अभिजित ने दूसरी बर्डी हासिल करते हुए लेवल पार का स्कोर किया।
बढ़त हासिल करने के बाद अभिजित ने कहा कि ग्रीन अपने स्तर के मुताबिक नहीं है जिसकी वजह से परेशानी हुई। मेरे हिसाब से इवन पार का राउंड इस सप्ताह का सबसे अच्छा राउंड है। उनके साथ संयुक्त रूप से बढ़त बनाने वाले राहुल बजाज की शुरूआत भी खराब रही। बजाज ने शुरू में तीन बोगी की लेकिन बाद में लय में वापसी करते हुए शानदार खेल दिखाया।
बजाज ने कहा कि कई बार टूर्नामेंट का पहला दिन आपकी उम्मीदों के मुताबिक नहीं होता। मुझे उम्मीद है कि मैं यहां पर अपना बेहतरीन खेल दिखा कर खिताब जीत सकता हूं। मेरे ज्यादातर मुकाबले कांटे के रहे हैं और मुझे इसकी आदत हो चुकी है।
एक खिलाड़ी के तौर पर यह अच्छा भी रहता है। पहले दिन का स्कोर कार्ड. 72 पार. राहुल बजाज, अभिजित चडड। 73 पार. तरूणदीप चडड, विक्रम राणा। 74 पार. अंगद चीमा, इमामुल हक, अक्षय शर्मा। 75 पार. गगन वर्मा, अशबीर सैनी, मानव दास।