रायपुर. दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे खेल संघ (सेकरसा) की ओर से खेलने वाले क्रिकेट खिलाड़ी श्रीधर अय्यर का चयन मध्यप्रदेश क्रिकेट संघ की ओर रणजी ट्रॉफी में खेलने के लिए हुआ है। रणजी के नए सत्र की शुरुआत 3 नवंबर से होगी। गौरतलब है कि 1990 मे राजधानी के जितेंद्र वेगड़ का चयन रणजी टीम के लिए हुआ था।
19 वर्षो के बाद श्रीधर ऐसे खिलाड़ी हैं जिनका चयन इसमें हुआ है। इंडियन क्रिकेट लीग में मुंबई चैंपस की ओर से बेहतर प्रदर्शन के आधार पर उन्हें राजस्थान एवं मध्यप्रदेश की रणजी टीम से खेलने के लिए आमंत्रण प्राप्त हुआ था। उन्होंने मध्यप्रदेश के लिए खेलने को प्राथमिकता दी।
इसके लिए उनके सहपाठियों ने उन्हें बधाई दी है। इस युवा खिलाड़ी ने बताया कि उनका चयन पूर्व में अंडर 22 टीम में हुआ, जिसमें उन्होंने केरल के खिलाफ 19 ओवर में 7 मैडन फेंकते हुए 42 रन देकर 8 विकेट लिए। इस बेहतर प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन रणजी टीम के लिए हुआ।
उनके चयन पर माता-पिता लक्ष्मी एवं रमेश अय्यर, वरिष्ठ खेल अधिकारी आरके सिंग, सुधांशु पनवार, मोहम्मद तस्लीम, जितेंद्र वेगड़, अमरजीत कलसी, मुजाहिद हक, स्वर्ण सिंह कलसी, प्रताप सिंग एवं ठाकुर एवं रेलवे के सभी अधिकारी व खिलाड़ियों ने प्रसन्नता व्यक्त की है।