रायपुर. पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी का कहना है कि नगरीय निकाय और पंचायत चुनावों में कांग्रेस बेहतर प्रदर्शन कर सकती है। पर सारे नेताओं को मेरा, तेरा प्रत्याशी की भावना को भूल कर जीतने वाले व्यक्ति को टिकट देने पर ध्यान देना होगा। इसमें वह स्वयं भी शामिल हैं।
वह भी चाहते हैं कि पार्टी योग्य व्यक्तियों को ही टिकट दे। इसमें किसी को परेशानी नहीं होगी। जोगी का कहना है कि विधानसभा में कांग्रेस का प्रदर्शन को खराब नहीं कहा जा सकता। वैशालीनगर से भजन सिंह निरंकारी को प्रत्याशी बनाए जाने के फैसले पर उन्होंने कहा कि पार्टी के फैसले का वह स्वागत करते हैं। वह निरंकारी के लिए चुनाव प्रचार करने वैशालीनगर भी जाएंगे।
भास्कर से चर्चा के दौरान उनकी किताब का भी जिक्र आया। अपने जीवन को प्रभावित करने वाली कई हस्तियों के बारे में जोगी ने अपने भावों को किताब की शक्ल दी है। इन हस्तियों में पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी भी हैं। उन्होंने बताया कि किताब छपकर तैयार हो गई है। कुछ ही दिनों में इसका विमोचन करने की तैयारी है।
नक्सली समस्या पर भिन्न राय
नवंबर में प्रस्तावित नक्सली अभियान के बारे में जोगी ने दो टूक शब्दों में कहा कि इस बारे में उनकी राय एकदम अलग है। उनका मत है कि समस्या की तीनों स्तरों पर एक साथ काम करते हुए निपटाना चाहिए। इसमें कानून-व्यवस्था, सामाजिक-आर्थिक विषमता और राजनीतिक मोर्चो पर भी लड़ाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इस तरह का कोई अभियान बिना जनता को विश्वास में लिए चल नहीं सकता।
नक्सलियों और सरकार के बीच होने वाली लड़ाई में उसी को जीत मिलेगी, जो आदिवासियों के दिल को जीतेगा। सरकार को लोगों का दिल जीतने की कोशिश करनी चाहिए, मुकाबला जीतना आसान हो जाएगा। जोगी ने साफ किया कि वह नक्सलियों की हिंसा के प्रचंड विरोधी हैं, लेकिन जो आदिवासियों की हितों की रक्षा करेगा, वही बाजी मारेगा, यह भी तय है।