पटियाला. लोकल बॉडी विभाग की विजीलेंस टीम ने मंगलवार को निगम में धावा बोला। दो सदस्यीय टीम का नेतृत्व एसडीओ राजिंदर सिंह ने किया और निगम में लगभग 11 फाइलों के रिकार्ड को खंगाला। इसके अलावा टीम के सदस्य शहर में रहे विवादित स्थलों के मौके पर भी गए और दोबारा से उनकी पैमाइश भी की।
जानकारों की मानें तो टीम मंगलवार को उन्हीं 11 मामलों के दस्तावेज चैक करने आई थी, जिनकी शिकायत कुछ समय पहले भाजपा महिला कौंसलर सीमा शर्मा ने स्थानीय निकाय मंत्री मनोरंजन कालिया से की थी। दो सदस्य टीम दोपहर लगभग 12 बजे निगम कार्यालय में पहुंची। सुपरिंडेंटेंट जेएस सेखों को सभी दस्तावेज मुहैया करवाने के लिए कहा। सनौरी अड्डा, गुरबख्श कालोनी के विवादित निर्माण टीम के निशाने पर रहे। टीम ने कई फाइलों को अपने साथ लेकर जब्त कर लिया और कई फाइलों का रिकार्ड मौके पर ही चेक किया।
निगम सुपरिंडेंटेंट जेएस सेखों के अनुसार विजीलेंस अधिकारियों ने जो भी दस्तावेज उनसे मांगे, उन्होंने तुरंत उन्हें उपलब्ध करवा दिए। इस बारे में स्थानीय निकाय विभाग चंडीगढ़ के चीफ विजिलेंस अधिकारी एस प्रभाकर ने कहा कि हमारी यह छापामारी एक शिकायत के आधार पर हुई है। यह शिकायत कुछ विवादित निर्माणों के अलावा निगम की कार्यप्रणाली से संबंधित भी थी। टीम की रिपोर्ट क्या रही, इस संबंध में मैं अभी आपको जानकारी नहीं दे सकता हूं, टीम के सदस्यों से मैंने इस मामले में कोई बात नहीं की है। रिपोर्ट आने के बाद उसे सार्वजनिक कर दिया जाएगा।