लुधियाना . बिजली बोर्ड की माडल टाउन डिवीजन की ओर से बुधवार को शहीद भगत सिंह नगर और पंजाब माता नगर के निवासियों को बिजली के बिल नहीं पहुंचाए गए। वहीं बोर्ड के अधिकारियों का कहना है, जिन लोगों को बिजली के बिल नहीं पहुंचे हैं, वह खुद दफ्तर में आकर अपने बिल ले जाएं या अपने अकाउंट नंबर बताकर लैजर में अपने बिल की कीमत देख बोर्ड को अदायगी कर दें।
अधिकारियों का जवाब यहीं तर्क दे रहा है कि नियत तिथि के बाद बिल की अदायगी करने वालों से जुर्माना वसूल किया जाएगा। क्योंकि जुर्माने के मुद्दे पर अधिकारी अपना मुंह खोलने को तैयार नहीं है। बुधवार की सुबह से ही दफ्तर में शहीद भगत सिंह नगर और पंजाब माता नगर के निवासी अपने बिजली के बिल ढूंढते पहुंचे।
परंतु अधिकांश लोगों को अपने बिल मिल नहीं सके। अंत में अपने बिलों की कीमत जानने के लिए उपभोक्ताओं को दोगुनी मेहनत करनी पड़ी। उन्हें दोबारा घर जाकर पुराना बिजली का बिल लाना पड़ा, तब जाकर लैजर में पुराने बिल का अकाउंट नंबर देख उन्हें बनती कीमत बताई गई।
बिल नहीं मिलने के कारण आम आदमी तो परेशान रहे ही, जबकि सेंट्रल जोन मुख्यालय में तैनात वह कर्मचारी भी यहां अपने बिल ढूंढते दिखे, जो उन इलाकों में रहते हैं। शहीद भगत सिंह नगर निवासी हरदेव सिंह के मुताबिक पहले तो उन्हें बिल ढूंढने में काफी परेशानी हुई, जब उन्हें बिल मिला, तो उन्होंने चैक के माध्यम से बुधवार को बिल का भुगतान करना चाहा।
परंतु कैशियर ने चैक के जरिए अदायगी करने की आखिरी तारीख निकल जाने की बात कह जुर्माना अदा करने को कह डाला। विरोध करने पर उनसे नकद राशि ली गई। बुधवार को नकद राशि से बिल भुगतान करने की अंतिम तारीख थी। परंतु अभी सैंकड़ों लोग है, जिन्हें अभी तक अपने बिल नहीं मिले हैं।
दूसरी ओर, इंजीनियर इन चीफ बीएस बाठ का कहना है कि किन्हीं कारणों से कुछ बिल बांटने को रह गए हैं। जिन लोगों को बिल नहीं मिले हैं, वह अपने अकाउंट नंबर बताकर क्लर्क से अपने बिल की कीमत पता कर सकते हैं। नकद अदायगी को अभी एक दिन शेष बचा है।