फिल्म - ऑल द बेस्ट
स्टार कास्ट -- अजय देवगन, बिपाशा बसु, फरदीन खान, संजय दत्त, मुग्धा गोडसे, मुकेश तिवारी, अश्विनी कालेसकर
निर्देशक - रोहित शेट्टी
रोहित शेट्टी की फिल्म ऑल द बेस्ट में कई बार आपको हंसने का मौका मिलेगा, लेकिन कई बार आप फिल्म पर हंसने को मजबूर भी होंगे, यही है कॉमेडी फिल्म की माया। फिल्म में बड़े बड़े दिग्गज संजय दत्त, अजय देवगन और बिपाशा बसु की मौजूदगी उसे खास बनाती है लेकिन इतनी खास नहीं की आप इसे पैसा वसूल फिल्म कह सकें।
अगर हल्की फुल्की कॉमेडी की चाह रखते हैं तो फिल्म देखी जा सकती है लेकिन अगर धमाकेदार कॉमेडी की उम्मीद है तो कई जगहों पर फिल्म फेल कही जाएगी। राइट बेड रांग हस्बैंड से डॉयरेक्टर ने कई सारी चीजें कॉपी करने की कोशिश की है लेकिन हमेशा की तरह अंग्रेजी को हिंदी में उतारने में बॉलीवुड की ये मसाला फिल्म फेल रही।
फिल्म की कहानी कुछ ऐसी ही कि वीर (फरदीन खान) विद्या यानी मुग्धा गोड़से से प्यार करता है। वीर का बड़ा भाई है संजय दत्त धरम जो एक बड़ा बिजनेसमैन है। वीर का दोस्त है प्रेम ( अजय देवगन) जिसकी बीवी है बिपाशा बसु जाह्नवी। वीर हमेशा अपने भाई से पैसे ऐंठना चाहता है और पैसा कमाने के शॉर्टकट ढूंढता रहता है।
कंफ्यूजन, गड़बड़झाला, उलट पुलट के बीच बुना गया फिल्म का प्लाट यूं तो काफी सिम्पल है लेकिन किरदारों को घुमाता फिराता रहता है। फिल्म की सिनेमेटोग्राफी काफी सिम्पल है और स्क्रीन पर दो खूबसूरत और सेक्सी एक्ट्रेस बिपाशा और मुग्धा तड़का लगाने की कोशिश करती हैं।
फिल्म के म्यूजिक की बात करें तो प्रीतम का संगीत होते हुए भी एक भी गाना लोगों की जुबान पर जगह नहीं बना पाया। फिल्म के प्रमोशन के लिए भले ही काफी मेहनत की गई हो लेकिन लोगों का थियेटर तक पहुंचा थोड़ा मुश्किल ही लगता है। फिल्म एक एवरेज कॉमेडी मसालेदार फिल्म है, लेकिन इससे किसी चटखारेदार और धमाकेदार कॉमेडी और बॉक्स ऑफिस पर जोरदार सफलता की उम्मीद नहीं की जा सकती। कह सकते हैं हल्के फुल्के एंटरटेंमेंट के लिए वन टाइम वाच है फिल्म ऑल द बेस्ट।