लुधियाना. वीरवार को बिल जमा करवाने की अंतिम तारीख थी, जिसकी वजह से माडल टाउन एक्सटेंशन बिजली दफ्तर में लोगों को डुप्लीकेट बिल हासिल करने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ी। लोग पुराने बिल हाथ में लेकर इधर से उधर घूम रहे थे।
लोगों को डुप्लीकेट बिल हासिल करने में दिक्कतें हो रही थीं, लेकिन बिजली विभाग के अधिकारियों ने अतिरिक्त कर्मचारियों की डच्यूटी लगाकर लोगों को डुप्लीकेट बिल जारी किए और बिलों का भुगतान किया। पंजाब माता नगर और शहीद भगत सिंह नगर के लोगों को बिजली के बिल नहीं मिले थे। लोगों को संदेह था कि निर्धारित समय पर बिल जमा न होने से लोगों को जुर्माना भी अदा करना पड़ेगा। लोगों की परेशानी देखते हुए विभागीय अधिकारियों ने लेजर से एकाउंट नंबर के जरिए डुप्लीकेट बिल बनाने का फैसला किया। जिसके बाद लोगों को विभाग की तरफ से डुप्लीकेट बिल जारी किए गए।
माडल टाउन डिवीजन के एक्सईएन जगतार सिंह ने बताया कि अधिकतर उपभोक्ताओं को डुप्लीकेट बिल जारी कर दिए गए और लोगों ने बिल भी जमा करवा दिए। उन्होंने कहा कि लोगों को जुर्माना न भरना पड़े इसके लिए अतिरिक्त समय में भी डुप्लीकेट बिल जारी किए गए और बिल जमा करवाए गए। वहीं न बांटे जाने के संबंध में भाजपा नेता व पूर्व पार्षद प्राणनाथ भाटिया और समाज सेवी अरविंद शर्मा ने विभाग से आरटीआई के जरिए सूचना मांगी है।