लुधियाना. पेशी पर आई युवती को नई दिल्ली पुलिस ने वीरवार दोपहर नई कचहरी परिसर से गिरफ्तार कर लिया। उक्त युवती दिल्ली पुलिस को लूट के एक मामले में वांछित थी। युवती को गिरफ्तार कर पुलिस दिल्ली ले गई है। उक्त युवती अपने कई नाम बताती है।
दिल्ली पुलिस उसके तीन नामों सुमन पाल उर्फ पारुल गुप्ता उर्फ डा. नेहा से वाकिफ है। दिल्ली पुलिस एक बार पहले भी उसकी गिरफ्तारी का प्रयास कर चुकी है, लेकिन युवती बच निकली थी। उक्त युवती ने हैबोवाल निवासी ऋषि सूद नामक युवक पर बलात्कार का मामला दर्ज कराया था। इस मामले में वह शिकायतकर्ता है। वीरवार को इस केस की अदालत में पेशी थी। उक्त युवती भी केस के सिलसिले में कचहरी में आई हुई थी। दिल्ली पुलिस ने कचहरी परिसर से ही उसे काबू कर लिया। अफसरों के अनुसार उक्त युवती ने खुद को डा. नेहा बताकर दिल्ली पटेल नगर की महिला डाक्टर सीमा सहगल से दोस्ती गढ़ ली थी।
गत 2 अगस्त को आरोपी युवती ने डा. सीमा सहगल को चाय में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया था। युवती उसे बेहोश कर गहने व लाखों रुपए की नकदी लूट कर ले गई थी। इस संबंध में नई दिल्ली के थाना पटेल नगर में मामला दर्ज है।