लुधियाना. लुधियाना रेलवे स्टेशन व बस स्टैंड को बम से उड़ाने की धमकी देने वालों को पुलिस अभी तक तलाश नहीं कर पाई है। वीरवार को भी किसी व्यक्ति ने लुधियाना रेलवे स्टेशन व बस स्टैंड को बम से उड़ाने की धमकी दी।
आरोपी ने इस बार पुलिस कंट्रोल रूम पर ये धमकी दी। धमकी के बाद पुलिस हरकत में आ गई। करीब दो घंटे तक लुधियाना स्टेशन व बस स्टैंड पर तलाशी अभियान चलाया गया। कुछ भी संदिग्ध न मिल पाने पर ही पुलिस की जान में जान आई। गौर रहे कि इस माह एक बार पहले भी लुधियाना व अन्य रेलवे स्टेशनों को बम से उड़ाने संबंधी फोन कॉल्स किए गए हैं।
धमकी भरी ये कॉल सुबह तकरीबन दस बजे आई। पुलिस कंट्रोल रूम पर किसी व्यक्ति ने फोन किया। उसने कहा कि वह कुछ ही देर में रेलवे स्टेशन व बस स्टैंड को बम से उड़ा देंगे। इसके बाद फोन बंद कर दिया गया। तुंरत स्टेशन व बस अड्डे पर अलर्ट कर दिया गया। स्टेशन पर जीआरपी, आरपीएफ व जिला पुलिस की विभिन्न टीमों ने तलाशी अभियान शुरू किया। बस स्टैंड पर भी यही अभियान चला, लेकिन पुलिस को कुछ भी संदिग्ध नहीं मिल पाया। इस बारे में आरपीएफ के पोस्ट कमांडेंट का कहना है कि पहले ही आरपीएफ व जीआरपी पूरी तरह सर्तक है।