Ludhiana
भांजे की गला घोंट कर हत्या
भास्कर न्यूज Friday, October 23, 2009 02:18 [IST]  

lलुधियाना. दीवाली के दिन घर से अपने मुंह बोले मामा के साथ लापता हुए मासूम की लाश वीरवार को गांव गेहलेवाल स्थित एक खाली प्लाट में मिली। बच्चे की गला दबाकर हत्या की गई थी। उसके गर्दन पर तेजधार हथियारों के भी निशान थे। परिजनों ने बच्चे की गुमशुदगी बारे पुलिस को रिपोर्ट भी दर्ज कराई हुई थी।

पुलिस ने इस मामले में परिवार वालों की शिकायत पर आरोपी उमेश कुमार के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी की तलाश में छापामारी कर रही है। वीरवार दोपहर लगभग एक बजे गांव गेहलेवाल में स्थित वल्लर फैब्रिक्स में मजदूर क्रेन से कुछ सामान ऊपरी मंजिल पर लोड कर रहे थे। इस दौरान कुछ मजदूरों ने फैक्ट्री के बिल्कुल सामने स्थित खाली प्लाट में बच्चे का गला सड़ा शव देखा। वहां कुछ मजदूरों ने बताया कि दीवाली के दिन विराट हौजरी फैक्ट्री में काम करने वाले राजेश का आठ वर्षीय बेटा दीवाली के दिन से लापता है। इस पर राजेश को सूचना दी गई। राजेश ने आते ही शव की पहचान अपने बेटे सोनू के रूप में की। बच्चे के शव की हालत बहुत खराब थी। उसकी आंखे बाहर आई थी और गले पर भी तेजधार हथियारों के निशान थे।

सूचना मिलते ही एसपी सिटी थ्री व पुलिस पार्टी मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी। शव के पहने कपड़े भी अस्त व्यस्त थे। जिससे पुलिस को कुकर्म के बाद हत्या की भी आशंका है। मृतक सोनू के पिता राजेश ने बताया कि आरोपी उमेश कुमार उसके ससुराल वालों के गांव का रहने वाला है। उसने बताया कि घर पर भी उसका आना जाना था और बच्चे उसे मामा कहकर बुलाते थे। उसने बताया कि दीवाली वाले दिन भी उमेश उसके घर आया। वह सोनू को अपने साथ पटाखे दिलाने के लिए बाजार ले गया। पटाखे खरीदकर वे दोनों घर आ गए।

उसका आरोप है कि इसके बाद उमेश दोबारा सोनू को अपने साथ ले गया। पूरी रात वह लोग उमेश और सोनू को ढूंढते रहे, लेकिन वे नहीं मिले। राजेश ने बताया कि दीवाली के अगले दिन उन्होंनें पुलिस में शिकायत की। उसका कहना है कि पुलिस ने उमेश के दो साथियों को भी काबू किया, लेकिन शाम को छोड़ दिया। उनका आरोप है कि पुलिस ने उनके बेटे को ढूंढने में भी कोई खास दिलपस्पी नहीं दिखाई। सोनू की मौत की खबर सुनते ही उसकी मां मुन्नी देवी व परिवार वालों का बुरा हाल है। इस बारे में जांच अधिकारी जगरूप सिंह ने बताया कि आरोपी उमेश के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है।





  Bookmark and Share
 


अपने विचार यहां लिखें:
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: