चंडीगढ़. पीयू की परीक्षा शाखा में अंक बढ़ाने के मामले की जांच शुरू हो गई है। जांच कर रही दो सदस्यीय कमेटी ने आरोपी गुरचरण सिंह मल्ली, सेकंड ईयर के री—वैल्यूएशन के नतीजों को डील करने वाले कर्मचारियों, नियमित कर्मचारियों और इस मामले को पकड़ने वाले कर्मचारियों के बयान लिए। जांच कमेटी यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी दिहाड़ीदार कर्मचारी ने कहीं इससे पहले भी तो इस तरह किसी विद्यार्थी के अंक नहीं बढ़ाए हैं।
इसलिए कमेटी आरोपी कर्मचारी द्वारा तैयार किए गए पिछले परीक्षा परिणामों की जांच कर रही है। जांच कमेटी उन छात्राओं से भी पूछताछ करेगी जिनके अंक बढ़े हैं। जिन दो छात्राओं के अंक बढ़े हैं, उनमें से एक चंडीगढ़ की रहने वाली है। जांच कमेटी 25 अक्टूबर तक अपनी रिपोर्ट पीयू के वीसी प्रो. आरसी सोबती को सौंपेगी। इस जांच में अगर दिहाड़ीदार कर्मचारी पर अंक बढ़ाने के आरोप साबित हुए तो पीयू यह मामला पुलिस को दे सकता है।
खेल मंत्री आज पीयू में: खेल व युवा मामलों के मंत्री एमएस गिल शुक्रवार को पीयू में होंगे। खेल मंत्री पीयू में बनने वाली इनडोर शूटिंग रैंज की आधारशिला रखेंगे।