पटियाला. जिले के विभिन्न गांवों में रहने वाले दूध उत्पादन में बढ़ोतरी करने व अनुसूचित जाति के लोगों का जीवन स्तर उपर उठाने के लिए डेयरी डेवलपमेंट विभाग 50 नई यूनिटों का निर्माण करेगा। विभाग द्वारा एक किसान को एक यूनिट बनवा कर दी जाएगी, जिसमें दो दुधारू पशु होंगे। उक्त दुधारू पशुओं के संभाल से लेकर खाने पीने तक के सभी प्रबंधों की पूर्ण जानकारी विभाग के माहिर देंगे।
यही नहीं विभाग प्रति यूनिट 10 हजार की सब्सिडी प्रदान करेगा। राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के तहत राज्य में कुल 1000 यूनिट बनाने की योजना है। जिसपर किसानों को 1 करोड़ रुपए की सब्सिडी प्रदान की जाएगी। पटियाला जिले में 50 यूनिटें बनाने व 5 लाख रुपए की सब्सिडी बांटने की स्कीम है।
पहले एक पशु संभालो दूसरा 6 महीने बाद: डेयरी डेवलपमेंट विभाग द्वारा अनुसूचित जाति के लिए लागू हो इस स्कीम में किसानों को पहले एक दुधारू पशु पालने के लिए दी जाएगी व उसपर 5 हजार रुपए की सब्सिडी प्रदान की जाएगी। उक्त पशु के लिए बैंक लोन मुहैया करवाने का कार्य भी डेयरी डेवल्पमेंट विभाग के अधिकारी करेंगे। यही नहीं पहले पशु को संभालने व देखरेख की जानकारी किसानों को विभाग द्वारा ही दी जाएगी। पहला दुधारू पशु देने के करीब 6 महीने बाद विभाग के अधिकारी यूनिट में पल रहे पशु की जांच करने के बाद दूसरे दुधारू पशु के लिए लोन मुहैया करवा कर उस पर भी 10 हजार रुपए की सब्सिडी प्रदान की जाएगी। यही नहीं इसके बाद दोनों दुधारू पशुओं की यूनिट को सफल बनाने के लिए विभाग के अधिकारी समय समय पाकर चैंकिंग भी करेंगे। ताकि दूध क्रांति लाने के लिए लागू हुई योजना अपनी सफलता के झंडे गाड़ सके।
जिले के 15 किसानों को आज मिलेगी सब्सिडी: डेयरी डेवलपमेंट विभाग के डिप्टी डायरेक्टर अशोक रौणी ने बताया कि पटियाला जिले से राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के तहत पास होने वाले किसानों की लिस्ट उच्च अधिकारियों को भेजी थी, जिनमें से 15 किसानों को सब्सिडी प्रदान करने की मंजूरी मिल गई है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को उक्त 15 किसानों को सब्सिडी दी जा रही है। उक्त पंद्रह किसानों को डेढ़ लाख रुपए की सब्सिडी व बैंक लोन मुहैया करवाया जा रहा है।