सनौर. नजदीकी गांव भांखर के गुरजिन्द्र सिंह को इस बार पंजाब स्टेट लाटरी के दिवाली बंपर का पहला इनाम निकला है। उन्हें इनाम में एक करोड़ रुपए की राशि मिलेगी। इस समय गुरजिंद्र के घर में खुशी का माहौल है और उसे लगातार बधाई संदेश मिल रहे हैं।
गुरजिन्द्र सिंह यूथ अकाली दल का जिला सचिव है। गुरजिन्द्र के परिवार के स्वर्गवासी कैप्टन कंवलजीत सिंह के परिवार से काफी नजदीकी संबंध हैं। इनाम के संबंध में पत्रकारों से बातचीत करते हुए गुरजिन्द्र ने बताया कि वह इसके लिए सबसे पहले तो परमात्मा का धन्यवाद करते हैं। उन्होंने बताया कि वह इस राशि से अपनी खेती बाड़ी को नई दिशा देंगे।
उन्होंने बताया कि हल्का बनूड़ विधायक जसजीत सिंह बन्नी ने उन्हें इनाम निकलने की फोन पर बधाई दी। इसके साथ ही बन्नी के राजनीतिक सचिव किशन सिंह, हरमिंद्र सिंह जोगीपुर, हरविंन्द्र सिंह गंगरोली, कुलदीप गिरी, बलदेव खुड्डा, कशमीर सिंह फतेहपुर, पाल असरपुर, संजीव अन्य अकाली नेताओं ने भी बधाई दी है।