Ludhiana
फैक्ट्री में घुसे चोरों ने लाखों का माल उड़ाया
Bhaskar News Saturday, October 24, 2009 02:48 [IST]  

लुधियाना. चोरों ने वीरवार रात कंगनवाल स्थित फोर्जिग यूनिट में हाथ साफ किया। चोर फैक्ट्री से मशीने, पुर्जे व तैयार माल व मोबाइल फोन चुरा कर ले गए। फैक्ट्री मालिक के अनुसार करीब तीन लाख रुपए का नुकसान हुआ है। चौकी ढंडारी पुलिस ने मौके पर पहुंच कर छानबीन की है। घटना का पता सुबह चला जब फैक्ट्री में रहने वाला मजदूर जागा।



उसने दरवाजे खुले देखकर फैक्ट्री मालिक दुगरी फेस—1 निवासी जसविंदर सिंह को फोन किया। जसविंदर के अनुसार उसने फैक्ट्री पहुंच पुलिस को फोन किया। जसविंदर सिंह के अनुसार चोर फैक्ट्री के मेन गेट के नीचे से अंदर दाखिल हुए और डाई ब्लॉक, मशीनों के पुर्जे और तैयार माल चुरा कर ले गए। चोरों ने सब्बल से फैक्ट्री की दीवार में छेद करके काफी माल उसमें से बाहर फेंका है। फैक्ट्री का एक मुलाजिम अंदर ही रहता है, लेकिन उसे चोरी का पता नहीं चला।



स्कूटर की डिग्गी तोड़ एक लाख चोरी



आरके रोड पर विजया बैंक में चैक जमा कराने गए फैक्ट्री मुलाजिम के स्कूटर की डिग्गी तोड़ चोर एक लाख रुपया चोरी कर ले गए। पुलिस ने इस मामले में फैक्ट्री मुलाजिम रोशन कुमार के बयानों पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फोकल प्वाइंट स्थित किंग फास्टनर के में बतौर कंप्यूटर ऑपरेटर कार्यरत किशोर कुमार ने बताया कि शुक्रवार को उसने एचडीएफसी बैंक की मिल्लर गंज शाखा से एक लाख रुपए निकाले।



पैसे उसने अपने बजाज चेतक स्कूटर की डिग्गी में रख लिए। आरके रोड पर विजया बैंक में चैक जमा कराने चला गया। चंद मिनटों में ही वह बाहर आ गया और फैक्ट्री की ओर निकल पड़ा। अभी वह चंद कदम ही गया था कि स्कूटर की डिग्गी खुल गई। डिग्गी में रखे पैसे नहीं थे।

  Bookmark and Share
 


अपने विचार यहां लिखें:
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: