लुधियाना. डेंगू ने सेहत विभाग की चिंता बढ़ा दी है। शुरुआत में मामले को हलके में ले रहे सेहत विभाग के अधिकारी भी मान रहे हैं कि पूरी तरह चौकस रहने का सही वक्त यही है, क्योंकि तापमान डेंगू के हक में चल रहा है। उधर, डेंगू ने पंजाब में सेंचुरी पूरी कर ली है।
शुक्रवार को विभिन्न अस्पतालों ने 20 नए मरीज रिपोर्ट किए, जिनमें से 11 मरीज लुधियाना के हैं। तीन तीन मरीज जालंधर व होशियारपुर व एक मरीज फतेहगढ़ साहिब से भी है। फिलहाल 23 मरीज डीएमसी अस्पताल में उपचाराधीन हैं, इनमें जगराओं का एक 81 वर्षीय वृद्ध भी हैं।
डीएमसी अस्पताल ने शुक्रवार को सेहत विभाग को 13 मरीज रिपोर्ट किए। इनमें लुधियाना के गांव गालिब कलां से हरदेव सिंह(81), सुरिंदर पार्क से मदन लाल(45), न्यू कुंदनपुरी मोनिका शर्मा(36), फील्डगंज से समीर विज(26), जस्सियां रोड से सुरिंदर कौर(57), रिशी नगर से तरुण मल्होत्रा(18) शामिल हैं।
इसके अलावा जालंधर के नकोदर रोड से आनंद सागर(25), चरणजीत पुरा से भारत भूषण अग्रवाल(31), राजन(27), होशियारपुर के हरिपुर गांव से संजीव कुमार(20), परमजीत सिंह(30), दीप नगर से दर्शना रानी(53) में डेंगू की पुष्टि हुई है।
इसी बीच अपोलो अस्पताल ने भी सेहत विभाग को लुधियाना के बुढ्डेवाल से हरिंदर सिंह(43), जीटीबी नगर से परमजीत सिंह(42), कृष्णा नगर से जसवंत कौर(54),खन्ना में अमलोह रोड से कुलवंत राय(39), मलेरकोटला रोड से इशिंदर सिंह(40), अजीत सिंह व मोगा के बस्ती गोबिंद नगर से इंद्रप्रीत कौर(25) को डेंगू मरीज के तौर पर रिपोर्ट किया है।
सेहत विभाग ने इनमें से पांच मरीजों में डेंगू की पुष्टि कर दी है। उधर, डेंगू को लेकर नगर निगम भी सक्रिय हो गया है। निगम के हेल्थ अफसर डा.चरणजीत उप्पल ने बताया कि सेहत विभाग ने 12 संवेदनशील क्षेत्रों की लिस्ट सौंपी गई है। आठ फागिंग मशीनें लगाकर इन इलाकों में रोजाना सुबह शाम एक एक घंटे फागिंग कराई जा रही है। जिन इलाकों में मरीज सामने आ रहे हैं, वहां भी फागिंग कराई जा रही है।