लुधियाना. पंजाब में पोलियो ने पंद्रह दिन के भीतर एक और बच्चे को अपनी चपेट मंे ले लिया है। पीड़ित बच्ची संजना (1 वर्ष) मूलत: लुधियाना की है और फिलवक्त लखनऊ में है। वहीं पर उसमंे पोलियो की पुष्टि हुई है। केस हिस्ट्री में सामने आया है कि उसे पी वन वायरस का संक्रमण लुधियाना में ही मिला था।
उधर, पोलियो मरीज रिपोर्ट होने के बाद से सेहत विभाग बेहद ‘सदमे’ में है। वहीं पंद्रह दिन पहले ही जालंधर के रामपुर मंे चार वर्षीय बच्ची हरचरण में पोलियो की पुष्टि हुई थी। इसके तुरंत बाद सेहत विभाग ने संक्रमण को रोकने के लिए जालंधर व आसपास के जिलों में मॉपअप राउंड चलाकर 5 साल की उम्र तक के सभी बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने का निर्णय लिया था।
इसके लिए 9 जिलों जालंधर, होशियारपुर, कपूरथला, लुधियाना, नवांशहर, रोपड़, मोहाली, फतेहगढ़ साहिब व पटियाला में 27, 28, 29 को पल्स पोलियो का मॉपअप राउंड पहले से ही तय था। लुधियाना का केस सामने आने के बाद इस राउंड में संगरूर, बरनाला व मोगा को भी शामिल कर लिया गया है।