लुधियाना. मॉडल टाउन एक्सटेंशन में शुक्रवार को चोरों ने दिनदहाड़े सिलाई मशीन के पुर्जे बनाने वाले उद्यमी गुरदेव सिंह के घर से ताले तोड़कर 25 लाख की नकदी और करीब 125 तोले सोने के जेवरात उड़ा लिए। वारदात के वक्त घर में कोई नहीं था। उधर, एसएसपी सुखचैन सिंह गिल के मुताबिक मामला संदिग्ध लग रहा है।
जांच के बाद ही मामला दर्ज किया जाएगा। वारदात 11 से दोपहर 2 बजे के बीच की है। सिलाई मशीन के पुर्जे बनाने का कारोबार करने वाले उद्यमी गुरदेव सिंह माडल टाउन एक्सटेंशन में अपनी पत्नी शांति देवी के साथ रहते हैं। जबकि उनका बेटा सुरिंदर सिंह डाबा रोड पर रहता है।
शुक्रवार सुबह उनका बेटा सुरिंदर सिंह घर आया। इसके बाद गुरदेव सिंह, उनकी पत्नी शांति देवी व बेटा सुरिंदर सिंह तीनों सराभा नगर गुरुद्वारा साहिब में माथा टेकने गए। उस समय घर पर कोई मौजूद नहीं था। घर में दंपति ने कोई नौकर भी नहीं रखा हुआ है।दोपहर तकरीबन 2 बजे वे लोग वापस आए। घर का मेन गेट खुला हुआ था। जब वे लोग अंदर घुसे, तो लॉबी जाने वाला दरवाजा भी टूटा हुआ था। अंदर बेड रूम का दरवाजा टूटा हुआ था। बेड रूप में अलमारी व स्टोर का दरवाजा तोड़कर सारा सामान बेड पर बिखरा पड़ा था।
उद्यमी का कहना है कि कारोबार के लिए रखे तकरीबन 25 लाख रुपए व 125 तोले के करीब सोने के जेवरात गायब थे। उन लोगों ने तुरंत इस बारे में पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही इलाका डीएसपी गुरदयाल सिंह, थाना माडल टाउन प्रभारी संदीप वढेरा व सीआईए पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। इस मामले में अज्ञात लोगों पर मामला दर्ज कर दिया है।