Chandigarh
सरकारी स्कूलों के फिरेंगे दिन
रणदीप वशिष्ट Saturday, October 24, 2009 04:39 [IST]  

चंडीगढ़. राज्य के सरकारी स्कूलों में छात्रांे की घटती संख्या व प्राइवेट स्कूलों से मिल रही कड़ी चुनौती के चलते शिक्षा विभाग ने एक नई योजना बनाई है। इसके तहत राज्य के सेकंडरी व हाई स्कूलों के चुनिंदा प्रिंसिपलों को चंडीगढ़ बुलाकर उन्हें बेहतरीन प्राइवेट स्कूलों के प्रिंसिपलों से टिप्स दिलवाए गए।



इसके अलावा उन्हें चंडीगढ़ और मोहाली के कुछ स्कूलों का दौरा भी करवाया गया ताकि वे प्राइवेट स्कूलों द्वारा शिक्षा के स्तर में अपनाए जा रहे सुधारों को सरकारी स्कूलों में भी लागू कर सकें। इस नई योजना को पंजाब स्कूली शिक्षा के डायरेक्टर जनरल किशन कुमार ने शुरू किया है।



इस संबंध में सहायक डायरेक्टर डॉ. दविंदर सिंह ने बताया कि पंजाब में शिक्षा के क्षेत्र में बढ़िया प्रदर्शन करने वाले 20 जिलों के 60 प्रिंसिपलों को 21 व 22 अक्टूबर को दो दिन के लिए राजधानी बुलाया गया। इनके रहने का प्रबंध भी विभाग द्वारा ही किया गया। पहले दिन जहां चंडीगढ़ व मोहाली के विख्यात प्राइवेट स्कूलों के प्रिंसिपलों से स्पेशल लेक्चर करवाए और दूसरे दिन उन्हें इन स्कूलों का भ्रमण करवाया गया।



प्रिंसिपलों ने दिए टिप्स



डॉ. दविंदर सिंह ने बताया कि राज्य के 60 प्रिंसिपलों को वाईपीएस मोहाली, डीपीएस, सेक्टर-40, डीएवी स्कूल सेक्टर-15 व गाइडेंस एवं काउंसिलिंग स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ एजूकेशन सेक्टर-32 चंडीगढ़ के प्रिंसिपलों ने टिप्स दिए। इसके तहत उन्हें प्राइवेट स्कूलों में अनुशासन, पढ़ाई के विभिन्न तरीके, बच्चों के व्यक्तित्व विकास, बच्चों का पढ़ाई के साथ-साथ खेलों व अन्य गतिविधियों में ध्यान केंद्रित करने संबंधी जानकारी दी गई।



सरकारी स्कूलों के प्रिंसिपलों ने दूसरे दिन वाईपीएस मोहाली, स्मार्ट स्कूल मानव मंगल फेज-10, सरकारी मॉडल सीनियर सेकंडरी स्कूल सेक्टर-16 व डीएवी स्कूल सेक्टर-15 चंडीगढ़ के टुअर पर ले जाया गया। इस दौरे के दौरान सरकारी स्कूलों के प्रिंसिपलों ने प्राइवेट स्कूलों की कार्यशैली को गंभीरता से देखा।



डीईओ के माध्यम से बुलाए गए थे प्रिंसिपल



शिक्षा विभाग ने जिला शिक्षा अधिकारियों(डीईओ) को कहा था कि वे दो दिवसीय स्पेशल प्रोग्राम के लिए अपने-अपने जिले के हाई व सीनियर सेकंडरी स्कूलों के तीन-तीन प्रिंसिपलों जिन्होंने पढ़ाई के क्षेत्र में बढ़िया कारगुजारी दिखाई हो, का चयन करके भेजें। इसके बाद डीईओ की सिफारिश पर ही 60 अध्यापक इस प्रोग्राम के लिए बुलाए गए थे।



उधर, एक अन्य फैसले के तहत पंजाब सरकार ने जसपाल कौर को राज्य सूचना आयोग का आयुक्त नियुक्त किया है। इस संबंध में सरकार के एक प्रवक्ता ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जसपाल कौर के राज्य सूचना आयुक्त के तौर पर नियुक्ति संबधी अधिसूचना बाद में नियम और शर्तो के जरिये जल्द ही दी जाएगी।



अब स्कूल मुखियों को टिप्स देंगे प्रिंसिपल



इस दौरे के बाद राज्य के संबंधित प्रिंसिपल अपने-अपने जिलों में शिक्षा ढांचे में सुधार के लिए सीखी गई बारीकियों को लागू करेंगे। जरूरत महसूस की गई तो टिप्स लेने वाले यह प्रिंसिपल अपने-अपने जिलों में आगे स्कूल मुखियों को टिप्स देंगे।

  Bookmark and Share
 


अपने विचार यहां लिखें:
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: