मेलबोर्न। पिछले वर्ष नस्ली हमले का शिकार बने भारतीय छात्र सुखराज सिंह (28) के मामले की सुनवाई करते हुए स्थानीय अदालत ने एक आस्ट्रेलियाई हमलावर को साढ़े चार साल कैद की सजा सुनाई है। साथ ही जज ने ऐसी घटनाओं पर अंतरराष्ट्रीय और सामुदायिक विरोध को सही ठहराया है।
मेलबोर्न की एक दुकान में पिछले वर्ष 1 दिसंबर को भारतीय छात्र सुखराज पर जकारी हुसैन (२१) सहित सात आस्ट्रेलियाई लोगों ने हमला कर दिया था। हमले में घायल होने के कारण सुखराज सिंह 15 दिन कोमा में रहे थे। यह घटना पूरी दुनिया में प्रसारित हुई थी। भारत में इसका व्यापक विरोध हुआ था।
‘द एज’ के अनुसार जज पामेला जेनकिन्स ने हमलावर जकारी हुसैन को न्यूनतम दो वर्ष की गैर-पैरोल अवधि के साथ साढ़े चार वर्ष के कारावास की सजा सुनाई। काउंटी कोर्ट की जज ने कहा कि इस तरह के नस्ली हमलों की कड़ी निंदा की जानी चाहिए।
भारतीय छात्रों पर हमलों के सिलसिले में यह पहला मामला है जिसमें किसी को सजा सुनाई गई है। आस्ट्रेलिया में खास तौर से भारतीय छात्रों पर हमलों की कई घटनाएं हुई हैं। पिछले तीन माह के दौरान कम से कम 30 भारतीय छात्र इन हमलों के निशाना बने।