पटियाला. लंबे समय से बीएसएनएल के 3जी सिस्टम का इंतजार कर रहे शहरवासियों की प्रतीक्षा शनिवार को खत्म हो गई। 3जी सिस्टम लांच करते समय बीएसएनएल के सीजीएम पीके पालीवाल ने इसे पटियालवियों के लिए दीवाली का गिफ्ट बताया। 3जी की लांचिंग जीएम पटियाला मुसद्दी लाल ने सीजीएम को वीडियो कॉल करके की।
सीजीएम पीके पालीवाल ने बताया कि मोबाइल 3जी सिस्टम में हाई स्पीड इंटरनेट की सुविधा होगी। इसमें किसी भी नार्मल इंटरनेट से तीन गुना अधिक स्पीड है, जिससे बीएसएनएल उपभोक्ता पलक झपकते ही डाटा ट्रांसफर की सुविधा का आनंद उठाएंगे। उन्होंने बताया कि उक्त प्रोजेक्ट पर 180 करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि योजना के अनुसार संगरूर, मोगा, मुक्तसर, फिरोजपुर, लुधियाना सहित अन्य जिलों में 3जी सेवा उपलब्ध होगी। जबकि लुधियाना व जीरकपुर में सुविधा शुरू हो चुकी है।
ये सेवाऐं होंगी उपलब्ध: सीजीएम पीके पालीवाल ने बताया कि 3जी में वीडियो कॉल की सुविधा है, जिसमें लोग आपस मे बात करते हुए एक दूसरे को लाइव मोबाइल पर देख सकेंगे। इसके अलावा इसमें ई मेल, म्यूजिक ट्रैक डाउनलोडिंग, लाइव स्पोर्ट्स मैचेज, शो वगैरह, वीडियो एसएमएस, डाउनलोड वीडियो गेम्स, लाइव टीवी देखना, चलते फिरते हुए हाई स्पीड ब्राडबैंड का लुत्फ उठाया जा सकता है।
उन्होंने बताया कि 3जी सेवा प्री पेड व पोस्ट पेड दोनों कनेक्शन पर उपलब्ध है। प्री पेड में 59 के सिम कार्ड व 120 रुपए के रिचार्ज पर 3जी सेवा शुरू हो जाएगी। वहीं दूसरी ओर पोस्टपेड में ये सेवा 225 रुपए प्रति महीना अदा करने पर उपलब्ध होगी। 3जी सेवा शुरू करने के लिए मोबाइस टॉवर के साथ छेड़छाड़ की गई थी , जिसके चलते ग्राहकों को परेशानी आई थी। इस मौके पर संजय जिंदल, मुसद्दी लाल, सुशील कुमार, वीके अहुजा, आरके गुप्ता, यूके गुप्ता मौजूद रहे।