पटियाला/राजपुरा. आबकारी व कराधान विभाग ने टैक्स चोरी करने वाले 6 ट्रकों को काबू किया है। इसमें 5 ट्रकों में 20 लाख मूल्य का स्क्रैप भरा था। इसके साथ ही पटियाला कैरियर का भी एक ट्रक जब्त किया गया है।
इसमें परचून का सामान है। जिसे विभाग ने पटियाला कार्यालय में भेज दिया है। ईटीओ एसएस मानशाहिया ने बताया कि विभाग ने गुप्त सूचना के आधार पर दिल्ली से आ रहे 6 ट्रकों को जब्त किया। इसमें एसपी मनदीप सिंह सिद्धू व डीएसपी गुरचैन सिंह, डीएसपी मनमोहन शर्मा व आईआरबी 1 कमांडेंट सुरजीत सिंह सहित विभाग की टीम ने छापेमारी की।
लोहे के स्क्रैप वाले ट्रक गोबिंदगढ़ जा रहे थे। इन्हें शंभू बैरियर पर एंट्री टैक्स देते हुए पंजाब में एंट्री करनी थी लेकिन यह राजपुरा के निकट गांव नेवला से होते हुए कोहला माजरा और मंडोली गांव के चोर रास्ते से पंजाब में प्रवेश कर रहे थे। लोहे के स्क्रैप से लदे ट्रकों को 50 फीसदी जुर्माने सहित 4 फीसदी वैट और एंट्री टैक्स सहित 62 फीसदी जुर्माना लगाया जाएगा।
जबकि परचून के ट्रक में लदे सामान को सोमवार को वेरीफाइ किया जाएगा। इसमें पुलिस ने 16 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है, जिसमें जसवीर सिंह, गुरप्रीत सिंह, रणजीत कुमार, बलवीर सिंह, बलविंदर, त्रिलोचन सिंह, प्रदीप, गुलजार सिंह, रवि कुमार को हिरासत में लिया है।