Patiala
यहां मैदान में उतरते हैं सात दिवाने!
प्रतिभा विरदी Sunday, October 25, 2009 00:45 [IST]  

पटियाला. फुटबाल का जुनून जब सिर पर चढ़ता है तो एक अलग ही लहर चल पड़ती है। ऐसी ही एक लहर शाही शहर पटियाला में भी चल रही है। शाही शहर के पंजाबी यूनिवर्सिटी के मैदान में चल रही 7ए साइड फुटबाल प्रतियोगिता नए खिलाड़ियों के लिए बढ़िया प्लेटफार्म साबित हो सकती है।



7ए साइड मैच में 60 मिनट के खेल में 7 खिलाड़ी एक टीम के लिए खेलते हैं। तेज रफ्तार दुनिया में खेल भी फास्ट हो गए हैं। क्रिकेट की ट्वंटी 20 की तर्ज पर फुटबाल में भी 7ए साइड टूर्नामेंट करवाए जा रहे हैं। इसमें गेम जहां तेज गति से खेली जाती है, वहीं खिलाड़ियों की फिटनेस भी परखी जा सकती है।



साधारणतया फुटबाल मैच में केवल तीन बार रोलिंग चेंज किये जाते हैं जबकि 7ए साइड में कई बार रोलिंग चेंज होते हैं। इस बारे में कोच दलबीर सिंह का कहना है कि चूंकि इसमें रोलिंग चेंज कई बार हो सकता है तो खिलाड़ियों की योग्यता मैदान में देखने को मिलती है। खिलाड़ी की स्किल व तकनीक में सुधार आता है। जिससे कि उन्हें परखकर बड़ी प्रतियोगिताओं के लिए तैयार कर सकते हैं।



7ए साइड में है खिलाड़ियों के लिए स्कोप: शाही शहर में करवाया जा रहा यह टूर्नामेंट पंजाब में अपने जैसा पहला आयोजन है। फ्लड लाइट्स में हो रहे इस 7ए साइड टूर्नामेंट में पंजाब की बेहतरीन 11 टीमें भाग ले रही हैं। इस टूर्नामेंट से बेस्ट प्लेयर्स चुनकर उन्हें आल इंडिया इंटरवर्सिटी और अन्य राष्ट्रीय स्पर्धाओं के लिए भेजा जाएगा। फुटबाल के बड़े स्तर के मुकाबले फ्लड लाइट्स में होते हैं। इससे खिलाड़ी फ्लड लाइट्स में खेलने का अनुभव हासिल कर रहे हैं।



फुटबाल को मिलेगा एक्सपोजर:राजकुमार शर्मा: पीयू के डायरेक्टर स्पोर्ट्स राजकुमार शर्मा का कहना है कि पहली बार राज्य स्तरीय प्रतियोगिता फ्लड लाइट्स में करवाई जा रही है। इससे फुटबाल को एक्सपोजर मिलेगा ही साथ में खिलाड़ियों को भी लाभ मिलेगा। पीयू राज्य व राष्ट्रीय स्तरीय कई तरह की ओर भी प्रतियोगिताएं अपने मैदानों में करवाने की योजना बना रहा है।

  Bookmark and Share
 


अपने विचार यहां लिखें:
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: