Raipur
प्रेशर हॉर्न वालों की शामत
नगर संवाददाता Sunday, October 25, 2009 02:43 [IST]  

रायपुर. आवाज ऐसी कि घबराकर गाड़ी का हैंडल ही छूट जाए। सड़क पर कभी बच्चे के रोने की आवाज तो कभी लगता है कि पुलिस का सायरन लगातार बज रहा है। इस तरह की कई आवाज वाले प्रेशर हॉर्न लगी गड़ियों पर पुलिस ने शनिवार को खूब सख्ती बरती।



तेलीबांधा थाने के पास, कलेक्टोरेट तिराहा, आमापारा चौक, कालीबाड़ी चौक, नया बस स्टैंड आदि स्थानों पर विभाग के अधिकारी इस तरह के कानफोडू हॉर्न लगी गाड़ियों का चालान बनाते रहे। इतना ही नहीं उन्होंने वाहन चालकों से ऑन द स्पॉट हॉर्न निकलकवाकर उसे अलग भी किया। यातायात विभाग की इस कार्रवाई से अधिकतर लोगों ने राहत महसूस की। सभी का यही कहना रहा है कि एक की गलती का खमियाजा सभी को भुगतना पड़ता है। शहर की सड़कों पर पहले ही वाहनों का शो रहता है उस प्रेशर हॉर्न का शोर शरीर की जान ही निकाल लेता है। लोगों ने इस कार्रवाई को आगे भी जारी रखने के लिए कहा।



टैक्स नहीं पटाने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई : प्रमुख सचिव एवं परिवहन आयुक्त एनके असवाल की अध्यक्षता में शनिवार को परिवहन अधिकारियों की मासिक समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में शामिल सभी परिवहन अधिकरियों को यात्री बसों की बकाया सूची 15 नवंबर तक तैयार करने के लिए कहा गया है। ऐसे यात्री वाहन जिनके विरुद्ध मासिक कर बाकी है उन्हें तत्काल सख्ती से वसूलने और अवैध रूप से दूसरे के परमिट पर चलने वाले यात्री बसों के संचालकों पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।



साथ ही राजस्व, निजी स्वामियों पर बकाया वसूली, ऑडिट कंडिकाओं के निराकरण की स्थिति, जमा परमिट, न्यायालयीन प्रकरण और परिवहन कार्यालयों में कंप्यूटराईजेशन की स्थिति की समीक्षा भी की गई। अतिरिक्त परिवहन आयुक्त ने बताया कि पिछले वर्ष सितंबर 2008 में 19.49 करोड़ रुपए राजस्व की तुलना में इस वर्ष सितंबर 2009 में 22.87 करोड़ रुपए प्राप्त किए गए। जो पिछले वर्ष की तुलना 17.32 प्रतिशत अधिक है।
इसी तरह अप्रैल से सितंबर 2009 (6 माह) 156.15 करोड़ रुपए राजस्व अर्जित किया गया है जो पिछले वर्ष की तुलना में 11.24 प्रतिशत है। बैठक मे श्री असवाल ने राजस्व आय में और वृद्धि करने तथा दिए गए लक्ष्य की प्राप्ति की अभी से प्रयास शुरू करने के निर्देश भी दिए।

  Bookmark and Share
 


अपने विचार यहां लिखें:
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: