Ludhiana
शिक्षकों ने घेरा मंत्री का आवास
विपन महाजन Sunday, October 25, 2009 04:56 [IST]  

कपूरथला. स्थाई करने की मांग को लेकर ईटीटी अध्यापक शनिवार सुबह फिर सड़क पर उतर आए। इस बार उन्होंने सीधा शिक्षामंत्री डॉ. उपिंदरजीत कौर को निशाने पर लिया। कपूरथला में राज्य के कई जिलों से 15 हजार ईटीटी अध्यापक बेरोजगार ईटीटी यूनियन के बैनर तले इक्ट्ठे हुए और पंजाब सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।



रात करीब पौने आठ बजे शिक्षा मंत्री के आवास के बाहर धरने पर बैठे अध्यापकों को पुलिस ने बलपूर्वक खदेड़ने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस और अध्यापक आपस में गुत्थम-गुत्था भी हुए। इस पर मंत्री आवास के पास शांत बैठे अध्यापक दोबारा सड़क पर आ गए और जाम लगा दिया। रात को जब महिला अध्यापक घर जानें लगीं तो एसडीएम ने चेतावनी दी कि वे चुपचाप चले जाएं जिससे खफा होकर वे दोबारा सड़क पर बैठ गईं।



प्रदर्शन कर रहे अध्यापकों ने कहा कि वे किसी भी अधिकारी को ज्ञापन या मांग पत्र नहीं सौंपेंगे। खुद शिक्षामंत्री मौके पर आकर उनकी बात सुनें जब तक ऐसा नहीं होता प्रदर्शन व नारेबाजी जारी रहेगी। अध्यापकों के कड़े तेवर देखकर प्रशासन की सिट्टी-पिट्टी गुम दिखाई दे रही है। प्रदर्शन की कमान एक्शन कमेटी के अध्यक्ष बलजीत सिंह के नेतृत्व में है।



गुरुओं के गुस्से ने शहर का यातायात कुछ इस तरह जाम किया कि ट्रेफिक पुलिस को इसे सुचारु बनाने भारी मशक्कत करनी पड़ी। बलजीत ने कहा कि कभी अपने विश्व गुरु होने पर नाज करने वाले देश में शिक्षा पद्धति को ठेकेदारी पर लाकर खड़ा किया जा रहा है।



कम से कम पंजाब सरकार तो इसी नीति पर चल रही है। तभी तो सरकारी शिक्षण संस्थानों में चपड़ासी से लेकर प्राध्यापकों तक को ठेके पर भर्ती किया जा रहा है। यूनियन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अमृतपाल सिंह ढिल्लों ने कहा कि रवैया यही रहा तो आने वाली पीढ़ी अशिक्षित ही रह जाएगी।

  Bookmark and Share
 


अपने विचार यहां लिखें:
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: