Management Funda
भाषायी अनुवाद का बढ़ता कारोबार
एन रघुरामन Monday, October 26, 2009 00:30 [IST]  

दुनिया अब धीरे-धीरे एक गांव में सिमटती जा रही है। इसका फायदा यह है कि आज कोई भी व्यक्ति दुनिया के किसी भी हिस्से में रहने वाले शख्स को देख सकता है, उससे मिल सकता है और उसके साथ कारोबार कर सकता है। लेकिन समस्या यह है कि क्या हम दुनिया के किसी और हिस्से में बसे लोगों की भाषा समझते हैं? दुनिया में आधिकारिक रूप से 3000 से ज्यादा भाषाएं बोली जाती हैं और हम इनमें से ज्यादातर भाषाएं नहीं जानते। यहीं भाषायी अनुवाद की बात आती हैं और आज इस क्षेत्र में एक इंडस्ट्री आकार ले रही है।



भाषायी अनुवाद की इस उभरती इंडस्ट्री का कारोबार हमारे देश में फिलहाल 50 करोड़ डॉलर का है और इसके अगले तीन वर्षो में दोगुने से ज्यादा होने की उम्मीद है। एशिया में भाषायी अनुवाद का बाजार वर्ष 2008 में 131.2 करोड़ डॉलर रहा। इस वर्ष इसका कारोबार 141 करोड़ डॉलर तक हो सकता है। इसके अगले वर्ष 151.6 करोड़ डॉलर तक पहुंचने की उम्मीद है।



कॉमन सर्विसेज एडवाइजरी (जो एक रिसर्च व कंसल्टिंग फर्म है) के मुताबिक भारत में भाषायी अनुवाद बाजार के विकास की काफी संभावनाएं हैं क्योंकि इसे विशाल कंज्यूमर आधार की तरह देखा जा रहा है। आज जिस तरह यहां ज्यादा से ज्यादा बहुराष्ट्रीय कंपनियां अपनी शाखाएं खोल रही हैं, उससे स्थानीय लोगों की भाषा बोलने की जरूरत ज्यादा शिद्दत से महसूस की जाने लगी है।



फिलहाल भारत के संदर्भ में भाषायी अनुवाद का 500 मिलियन डॉलर का यह आंकड़ा वैश्विक बाजार का महज पांच फीसदी है। हालांकि भारत में भाषायी अनुवाद का बाजार अभी भी पूरी तरह उछाल पर नहीं आया है। इसे अभी एक उभरती इंडस्ट्री की तरह देखा जा रहा है और संभवत: इसमें अगले दो-तीन वर्र्षो में जबरदस्त उछाल आएगा, जब इसमें प्रत्यक्ष विदेशी निवेश बढ़ेगा।



यदि आपकी अपनी भाषा पर गहरी पकड़ है और आपके आस-पास ऐसी खासी आबादी है जो आपकी भाषा बोलती है, ऐसे में अगर हो सके तो कम से कम किसी एक विदेशी भाषा में महारत हासिल करने की कोशिश करें। इससे आप घर बैठे ही अच्छा पैसा कमा सकते हैं। आज एक जापानी भाषा का अनुवादक प्रति पृष्ठ अनुवाद के 900 रुपए तक लेता है। ऐसे कई लोग हैं जो महीने में बीस दिन छह घंटे काम करते हुए 50,000 रुपए प्रतिमाह तक कमा रहे हैं। उनके पास यही योग्यता है कि उन्हें एक स्थानीय भाषा और एक विदेशी भाषा में महारत हासिल है।

  Bookmark and Share
 


अपने विचार यहां लिखें:
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: