पिछले तीस वर्र्षो के दौरान स्पेन के यूनिवर्सिटी सिस्टम में काफी बदलाव आया है। इन तीन दशकों में यहां छात्रों की संख्या भी तीन गुना हो चुकी है। इसमें छात्राओं की बढ़ती भागीदारी खासतौर पर उल्लेखनीय है। कुछ स्नातक कोर्सेस में तो यहां 55 फीसदी छात्राएं हैं और आज उनकी स्नातक करने की दर 61 फीसदी तक पहुंच चुकी है। स्पेन में 50 शासकीय और 27 निजी विश्वविद्यालय हैं। वहां पांच डिस्टेंस-लर्निंग यूनिवर्सिटी और दो स्पेशल यूनिवर्सिटी हैं, जिनमें स्पेशलाइज्ड पोस्टग्रेजुएट कोर्स होते हैं।
डिग्री संरचना
स्पेनिश यूनिवर्सिटी सिस्टम ने यूरोपियन हायर एजुकेशन एरिया (ईएचईए) को पूरी तरह अपनाया है और यहां यूरोपियन क्रेडिट ट्रांसफर सिस्टम (ईसीटीएस) भी चलता है। ईसीटीएस क्रेडिट्स वह स्टैंडर्ड है जिसे ईएचईए के अंतर्गत आने वाले तमाम विश्वविद्यालयों द्वारा अपनाया जाता है। ईसीटीएस क्रेडिट्स में शामिल हैं छात्रों के क्लास के घंटे, अध्ययन, उनके द्वारा किया गया लिखित कार्य और प्रैक्टीकल्स। एक ईसीटीएस क्रेडिट 25 घंटे के अध्ययन के बराबर होता है। पूर्णकालिक पढ़ाई करने वाले किसी छात्र से एक शैक्षणिक सत्र में 60 ईसीटीएस क्रेडिट्स हासिल करने की उम्मीद की जाती है। स्पेनिश यूनिवर्सिटी सिस्टम में तीन तरह के डिग्री कार्यक्रम हैं।
बैचलर डिग्री- यहां आमतौर पर इन विषयों में बैचलर डिग्री होती है :
आट्र्स एंड ह्यूमैनिटीज
हेल्थ साइंस
इंजीनियरिंग व आर्किटेक्चर
सोशल साइंस एंड लॉ
साइंस
बैचलर डिग्री के लिए छात्र को कुल 240 ईसीटीएस करने होते हैं, जिसकी अवधि चार शैक्षणिक वर्र्षो से थोड़ी अधिक होती है।
मास्टर्स डिग्री- यहां की किसी यूनिवर्सिटी से मास्टर्स डिग्री पाने के लिए छात्र को 60 से 120 ईसीटीएस करने होते हैं जो आमतौर पर एक या दो शैक्षणिक वर्र्षो से थोड़ा ज्यादा होते हैं। इसके अलावा 6 से 30 ईसीटीएस के मध्य एक शोधपत्र भी प्रस्तुत करना होता है।
डॉक्टोरल डिग्री, शोध कार्य- यहां के डॉक्टोरल कार्यक्रमों को दो चक्रों में बांटा जा सकता है। एक है अध्ययन चक्र, जिसमें 60 ईसीटीएस समाहित हैं, जो किसी मास्टर्स कार्यक्रम का भी हिस्सा हो सकता है। दूसरा है शोध चक्र। डॉक्टोरल डिग्री के उम्मीदवारों को अपनी पीएचडी थीसिस पेश करनी होती है। डॉक्टोरल प्रोग्राम के लिए कोई आधिकारिक समयसीमा नहीं है, लेकिन आमतौर पर तीन से चार साल लग जाते हैं।
शैक्षणिक सत्र
ज्यादातर स्पेनिश विश्वविद्यालयों में शैक्षणिक सत्र दो सेमेस्टरों में विभाजित होता है। पहला सेमेस्टर अमूमन सितंबर के मध्य या अक्टूबर की शुरुआत से आरंभ होता है और दिसंबर के अंत में समाप्त होता है। इसकी परीक्षा आमतौर पर जनवरी में होती है। दूसरा सेमेस्टर जनवरी के आखिर या फरवरी के पहले हफ्ते से शुरू होकर मई में समाप्त होता है। इसकी परीक्षा जून में होती है। वैसे अलग-अलग यूनिवर्सिटी के हिसाब से इसका समय अलग-अलग भी हो सकता है।
फीस
शासकीय विश्वविद्यालयों में बैचलर डिग्री के लिए एक शैक्षणिक सत्र की फीस 500 से 1000 यूरो के बीच हो सकती है। वहीं निजी विश्वविद्यालयो में यही आंकड़ा 5000 से 10,000 यूरो तक हो सकता है। मास्टर्स व डॉक्टोरल डिग्री की फीस शासकीय व निजी विश्वविद्यालय के लिए शिक्षा से जुड़े प्राधिकारियों द्वारा निर्धारित की जाती है। मास्टर या डॉक्टोरल डिग्री प्रोग्राम के लिए प्रति क्रेडिट खर्च 14 से 30 यूरो तक आ सकता है। इस तरह देखा जाए तो 60 ईसीटीएस मास्टर प्रोग्राम की फीस 840 यूरो से लेकर 1800 यूरो तक हो सकती है।