नई दिल्ली. भारत में विशेष अवसरों और पर्वों पर इंटरनेट साइट गूगल के होमपेज पर जल्दी ही महात्मा गांधी, ताजमहल या बॉलीवुड स्टार अमिताभ बच्चन जैसे व्यक्तियों और प्रतीकों के स्कूली बच्चों द्वारा बनाए गए चित्र देखे जा सकेंगे।
गूगल इंडिया के मुताबिक माई इंडिया विषय पर आधारित ये विशेष प्रतीक राष्ट्रीय अवकाश और अन्य बड़े तीज त्योहारों के समय होमपेज पर दर्शाए जाएंगे। गूगल इंडिया के प्रमुख (कंज्यूमर मार्केटिंग) अरविंद देसीकन ने बताया इन लोगो को ‘डूडल 4 गूगल’ प्रतिस्पर्धा से चुना जाएगा, जहां देशभर के स्कूली बच्चों को भारत के बारे में अपनी सोच को कागज पर उकेरने को कहा जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रतियोगी भारत के किसी भी पहलू पर अपनी सोच सामने रख सकेंगे और प्रतिस्पर्धा के आयोजक उन्हें विषय में बाँधना नहीं चाहते।देसीकन ने कहा हमारा मानना है कि ‘माई इंडिया’ विषय एक व्यक्तिगत विषय है।
हम एक अरब की आबादी वाले देश में हैं, जहां हर कोई भारत को अलग-अलग नजरिए से देखता है। चाहे वह क्रिकेट हो, ताजमहल हो, अमिताभ बच्चन हो, महात्मा गाँधी हो, भरतनाट्यम, आर्यभट्ट आदि हो. हम चाहते हैं कि युवा पीढ़ी हमें डूडल के जरिए बताए कि वह भारत को किस नजरिए से देखती है।