सूरत. पुलिस की सख्ती के बावजूद प्रतिबंधित संगठन सिमी ने राजस्थान, गुजरात व मध्य प्रदेश की सीमा पर नए नाम से गतिविधियां शुरू कर दी हैं। सूत्रों ने बताया कि मध्यप्रदेश के मालवांचल में सिमी ने अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों को भड़काना शुरू कर दिया है। इसके लिए मस्जिदों में जेहादी भाषण देने जैसे हथकंडे भी अपनाए जा रहे हैं।
गुजरात सहित देश के विभिन्न हिस्सों में हुई आतंकी वारदात में नाम सामने आने पर सिमी के खिलाफ तीनों राज्यों में पुलिस ने सख्त अभियान चला रखा है। सूत्रों का कहना है कि मध्यप्रदेश के मालवा अंचल से गुजरात और राजस्थान की सीमा लगी हुई है।
ऐसे में तीनों राज्यों में सिमी आतंकी वारदात कर सकते हैं। गुजरात के पुलिस महानिरीक्षक आशीष भाटिया (क्राइम) ने बताया कि पुलिस को अब तक इससे संबंधित कोई जानकारी नहीं मिली है। यह एक गंभीर मामला है और इस दिशा में तत्काल कदम उठाए जाएंगे।
सिमी पर पैनी नजर
गुजरात एटीएस के प्रमुख अजयकुमार तोमर ने बताया कि आतंकी संगठन सिमी की गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि राज्य की सीमा पर सिमी की गतिविधियों की जानकारी पुलिस के पास नहीं है। इसके बावजूद एटीएस इसकी छानबीन करेगा।