लुधियाना. मौसेरे भाई बहन ने शनिवार को जहरीला पदार्थ निगल लिया। दोनों में प्रेम संबंध थे और परिवार के विरोध के कारण दोनों पिछले दो सप्ताह से परिवार वालों से अलग रह रहे थे। शनिवार देर रात दोनों की ही अस्पताल में मौत हो गई।
बताया जाता है कि दोनों के पति और पत्नी के रिश्ते के बारे में परिजनों के न मानने पर ही उन लोगों ने ये कदम उठाया। लेकिन मामले बारे दोनों ही परिवार कुछ भी बोलने के लिए तैयार नहीं है। पुलिस ने शवों का सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया है।
पुलिस के मुताबिक मृतक युवक माल रोड पर एक शोरूम में काम करता था। जबकि युवती उत्तरांचल की रहने वाली थी। रिश्ते में दोनों मौसेरे भाई बहन थे।
तकरीबन दो माह पहले युवती लुधियाना में किसी शादी समारोह में हिस्सा लेने के लिए आई। वहीं दोनों का प्रेम प्रसंग शुरू हो गया। इसके बाद युवती वापस उत्तरांचल चली गई। दोनों की आपस में फोन पर बात होती रही। पता चला है कि तकरीबन 20-25 दिन पहले युवती लुधियाना आ गई।
उसने युवक से फोन पर संपर्क किया। इसके बाद दोनों मिले। बताया जाता है कि दोनों ने किसी मंदिर में शादी भी कर ली और परिवार वालों से कहीं अलग रहने लगे। परिवार वाले दोनों के इस रिश्ते को मानने के लिए हरगिज तैयार नहीं थे। इसी बात को लेकर दोनों ने जहर निगल लिया। युवक ने ही युवती को डीएमसी अस्पताल में भर्ती कराया।
दाखिल करते समय रजिस्टर पर भी उसने अपना रिश्ता पति पत्नी का बताया और टिब्बा रोड का पता लिखवाया। युवती को दाखिल कराने के बाद वह युवक भी वहीं अस्पताल में गिर गया। डाक्टरों ने पुलिस को सूचना दी और दोनों को दाखिल कर लिया। लेकिन शनिवार देर रात दोनों ने इलाज दौरान दम तोड़ दिया। मामले की जांच कर रहे एएसआई दलबीर सिंह के मुताबिक धारा 174 के तहत कार्रवाई की गई है।