लुधियाना. लोगों ने जरा सी सावधानी बरती और एक बड़े वाहन चोर गिरोह का खुलासा करा दिया। पुलिस ने लोगों के साथ जाकर मौके से करीब सात स्कूटर और एक मोटरसाइकिल बरामद किया गया है। यह एक कबाड़ी के गोदाम में छिपाए गए थे। गोदाम में कई दर्जनों स्कूटरों व मोटरसाइकिलों का सामान काट कर रखा गया था।
थाना बस्ती जोधेवाल पुलिस ने दो आरोपियों को काबू कर लिया है। इनके खिलाफ मामला दर्ज करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इलाका निवासी निर्मल सिंह, राजीव कुमार व कुलवंत सिंह के अनुसार इलाके से वाहन चोरी हो रहे थे। पिछले दिनों टिवंकल नामक युवक का चोरी हुआ स्कूटर कोई अज्ञात व्यक्ति चला रहा था।
रोक कर पूछा तो उसने टिब्बा रोड स्थित एक गोदाम का पता दिया। जब लोग थाना बस्ती जोधेवाल पुलिस को लेकर पहुंचे तो यहां का नजारा कुछ और था। यहां चोरी के करीब 7 स्कूटर व एक मोटरसाइकिल छिपाए हुए थे। अन्य वाहनों को काट कर यहां रखा हुआ था। पुलिस ने मौके से वाहनों के कागजात व अन्य सामान भी बरामद किया है।