लुधियाना. लक्कड़ पुल के पास से हटाए गए दुकानदारों की ओर से सेंट्रल फायर स्टेशन के पीछे खोखे जमाने से गुस्साए दुकानदार सड़क पर आ गए। दुकानदारों ने न केवल लक्ष्मी सिनेमा चौक पर जाम लगा ओल्ड जीटी रोड को बंद कर दिया, बल्कि निगम व सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। करीब पौना घंटा सड़क पर प्रदर्शन से घंटाघर चौक से लक्ष्मी सिनेमा व जगराओं पुल के आसपास ट्रैफिक पूरी तरह जाम होकर रह गया।
न्यू मार्केट एंड सुपर मार्केट शॉपकीपर एसोसिएशन तथा न्यू टायर मार्केट एसोसिएशन के सदस्य शाम करीब साढ़े पांच बजे एकाएक नारेबाजी करते हुए लक्ष्मी सिनेमा चौक के पास पहुंचे। एसोसिएशन के करमचंद, चौधरी प्रताप सिंह, वेद प्रकाश, गुरमीत सिंह, त्रिलोचन सिंह, महिंदर सिंह, गुरप्रीत ¨सह, बलजीत सिंह, गुरप्रीत सिंह, बलजीत सिंह, गुरदीप सिंह, मनी राम, दिलीप सिंह आदि का कहना था कि मार्केट में पहले ही गंदगी और अतिक्रमण भरा पड़ा है।
उस पर निगम की ओर से लक्कड़ पुल से हटाए गए दुकानदारों को यहां बैठने के लिए कहा गया है। दुकानदारों ने कहा कि वे सुबह से ही निगम अधिकारियों से इस बाबत संपर्क कर रहे हैं, लेकिन बात नहीं हो पा रही है। अपनी आवाज निगम प्रशासकों तक पहुंचाने के लिए उन्हें यह कदम उठाना पड़ा। जाम लगाने से ट्रैफिक की स्थिति बेहद खराब हो गई। सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी लंबी कतारें लग गई। करीब आधा घंटा तक न पुलिस न निगम के ही अधिकारी मौके पर पहुंचे।
बाद में थाना कोतवाली प्रभारी मनजिंदर सिंह मौके पर पहुंचे और उन्होंने आला अधिकारियों से बात करवाने का आश्वासन देकर जाम खुलवा दिया। इस बीच डीएसपी नगिंदर राणा और निगम के असिस्टेंट कमिश्नर विनोद शारदा भी मौके पर पहुंचे। दुकानदारों ने मांग की कि खोखे खोलने की कतई मंजूरी न दी जाए। इस पर शारदा ने उन्हें आश्वासन दे शांत कराया व कहा कि जल्द हल निकाल दिया जाएगा।