चंडीगढ़. कांग्रेस महासचिव व सांसद राहुल गांधी ने अपना वादा निभाया। वादे के मुताबिक उन्होंने पीयू के दो विद्यार्थियों को मिलने का बुलावा भेजा है। मंगलवार को एनएसयूआई के चुनाव प्रभारी सुभा मित्रा ने इन दोनों को दिल्ली आने का निमंत्रण दिया। इन दोनों पर अब पीयू की समस्याओं को राहुल के सामने रखने का जिम्मा है। मास कम्युनिकेशन की छात्रा शिवानी नेगी और सोपू नेता वरिंद्र ढिल्लों पांच नवंबर को दिल्ली जाएंगे।
राहुल गांधी के पीयू दौरे के दौरान पीयू की समस्याओं और शिक्षा की दिशा के संबंध में शिवानी नेगी और वरिंद्र ढिल्लों ने भी अपनी बात रखी थी। इन दोनों विद्यार्थियों के दृष्टिकोण से प्रभावित होकर राहुल दोनों के फोन नंबर व ईमेल आईडी लेकर गए थे। उन्होंने दोनों से बात करने का वादा किया था।
इस आमंत्रण को शिवानी नेगी पीयू की बेहतरी के लिए इस्तेमाल करना चाहती हैं। उनका कहना है कि मैं जिस यूनिवर्सिटी से मैं पढ़ रही हूं, उसके विकास की खातिर में राहुल गांधी से मदद की अपील जरूर करुंगी। शिवानी पीयू को सेंट्रल यूनिवर्सिटी का दर्जा दिलाने में सहयोग और युवाओं की सरकार से अपेक्षाओं जैसे मसलों पर राहुल गांधी से बात करना चाहती हैं।
सोपू नेता वरिंद्र ढिल्लों पीयू को सेंट्रल यूनिवर्सिटी का दर्जा दिलाने के एक सूत्रीय एजेंडे के साथ दिल्ली जाएंगे। ढिल्लों कहते हैं कि बतौर विद्यार्थी और छात्र नेता अगर मैं पीयू को यह दर्जा दिलाने में मदद कर सका तो जीवन भर मुझे याद रहेगा। इन दोनों विद्यार्थियों को मिले राहुल के बुलावे से पीयू को भी उम्मीदें हैं। पुटा प्रेसिडेंट प्रो. मनजीत सिंह कहते हैं कि पीयू के हितों की बात राहुल गांधी के सामने रखने का इससे बेहतर कोई और मौका नहीं हो सकता। प्रो. सिंह के मुताबिक दोनों विद्यार्थियों के लिए गर्व की बात है कि वह पीयू का प्रतिनिधित्व करेंगे।