भोपाल. फिल्म राजनीति की शूटिंग के लिए भोपाल आए अभिनेता रणबीर कपूर, फिल्म के डायरेक्टर प्रकाश झा तथा फिल्म यूनिट के अन्य सदस्यों ने ग्रीन प्लेनेट बाइसिकल राइडर्स एसोसिएशन के साथ भारत भवन से बोट क्लब तक साइकल चलाकर पर्यावरण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
एसोसिएशन द्वारा पर्यावरण के क्षेत्र में किए जा रहे कार्र्यो की सराहना करते हुए फिल्म अभिनेता रणबीर ने कहा कि पर्यावरण के प्रति यह सोच भोपाल से प्रारंभ होकर पूरे देश को प्रभावित करेगी। साथ ही विदेशों में भी लोग इसके प्रति आकर्षित होंगे। सुबह की सर्द हवाओं और सुहाने मौसम के बीच झील किनारे ग्रीन प्लेनेट बाइसिकल एसोसिएशन के अध्यक्ष सत्यप्रकाश की उपस्थित में 50 से अधिक सदस्यों ने साइकल चालन किया।
इस दौरान भारत भवन में शूटिंग के लिए आए रणबीर ने भारत भवन से लेकर बोट क्लब तक साइकल चलाई। इस अवसर पर फिल्म निर्देशक प्रकाश झा भी खुद को रोक नहीं पाए और अपनी पूरी टीम के साथ साइकल चलाने के लिए तत्पर हो गए।
प्रकाश झा ने कहा कि हम सभी को धरती, प्रकृति और पर्यावरण के महत्व समझते हुए इनके प्रति सम्मान प्रदर्शित करना चाहिए। और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में काम करना चाहिए। श्री सत्यप्रकाश ने रणबीर व साथियों को एसोसिएशन के उद्देश्य एवं पर्यावरण के लिए अपने कार्यो से भी अवगत कराया।