रायपुर. नागपुर के जामथा स्टेडियम में पहली बार डे-नाइट होने वाले इस मैच के दौरान बड़ी संख्या में शहर के लोग भी उपस्थित रहेंगे। पिछले कई मैचों की तरह इस बार भी लोगों ने नागपुर में होने वाले वनडे मैच के लिए खासा उत्साह दिखाया है। शाम को नागपुर जाने वाली इंटरसिटी खचाखच राजधानी से रवाना हुई। इसमें अधिकतर यात्री शहर के दिखाई दिए।
इसके अलावा रात को नागपुर जाने वाली अन्य एक्सप्रेस ट्रेनों से भी लोग रवाना हुए। रेलवे रिर्जेवेशन काउंटर से मिली जानकारी के अनुसार एसी टू और थ्री के साथ ही स्लीपर कोच की सीटें की बुकिंग भी पहले से करवा ली गई थी। मैचे देखने के लिए उत्साहित लोगों की टीम इंडिया के प्रति दिवानगी देखते ही बनती।
निजी वाहन से भी निकले लोग : शहर में कई ग्रुप ऐसे भी दिखाई दिए जिन्होंने निजी वाहनों से नागपुर जाना बेहतर समझा। शहर के ही संजय त्रिपाठी, पवन शादीजा, राकेश यादव, योगेश अग्रवाल और विष्णु शारडा ने बताया कि उन्होंने इस मैच को देखने के लिए पहले से ही प्लान बना लिया था।
पहले इंटरसिटी से जाने का मन था, लेकिन टिकट न मिलने की वजह से वे निजी वाहन से नागपुर की ओर रवाना हुए। दोपहर को 2:30 बजे से मैच शुरू होने की वजह से वे सफर की थकान मिटाकर मैच देखने का मजा ले सकेंगे।
फ्लाइट की टिकटें भी बुक
एक ट्रेवल एंजेसी के संचालक कीर्ति व्यास ने बताया कि बुधवार को एयर इंडिया की सुबह 8 बजे जाने वाली नागपुर फ्लाइट की टिकटें लोगों ने बुक करवाई है। अधिकतर लोग मैच देखने के लिए ही नागपुर जा रहे हैं। रमेश राव, सुमीत अग्रवाल, श्रीकांत हांडा, दीपक जैन और दीपक गोयल ने बताया कि उनका ग्रुप कभी भी नागपुर में होने वाले मैचा का आनंद लेना नहीं भूलता है।
उनकी खुशी उस समय और बढ़ जाती है जब टीम इंडिया जीत का परचम लहराती है। पहला वन डे हारने के बाद भी उन्हें उम्मीद है कि नागपुर के स्टेडियम में जीत टीम इंडिया की ही होगी।