भोपाल. मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की दूसरी पारी के पहले मंत्रिमंडल विस्तार में 10 मंत्रियों को बुधवार को रात पौने आठ बजे राजभवन में राज्यपाल रामेश्वर ठाकुर ने शपथ ग्रहण कराई। इनमें नौ नए हैं, जबकि एक को राज्यमंत्री से पदोन्नत कर कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। शपथ लेने वाले नौ नए मंत्रियों में पांच कैबिनेट और चार राज्यमंत्री बनाए गए हैं।
सरकार के मंत्रियों की संख्या 23 से बढ़कर 32 हो गई है। इस तरह एक और विस्तार की गुंजाइश बरकरार रखी गई है। राजभवन के लॉन में बनाए गए शामियाने में दुधिया रोशनी के बीच पहली बार रात्रि में नए मंत्रियों के शपथ लेते ही करीब दो माह से चल रही मंत्रिमंडल विस्तार की कवायद पूरी हो गई। पहले मंत्री रह चुके और फिर से लाल बत्ती पाने के लिए मशक्कत कर रहे अजय विश्नोई, नरोत्तम मिश्रा, उमाशंकर गुप्ता और विजय शाह कामयाब रहे।
विस्तार में मुख्यमंत्री ने नानाभाऊ मोहोड़, मनोहर ऊंटवाल, ब्रजेंद्र प्रताप सिंह को शामिल कर क्षेत्रीय और जातीय संतुलन बनाए रखने की कोशिश की है। कमल पटेल को निराशा हाथ लगी है। प्रदेश में नगरीय निकाय और पंचायती राज संस्थाओं में महिलाओं को 50 फीसदी आरक्षण लागू कर चुकी सरकार ने विस्तार में एक भी नई महिला मंत्री को शामिल नहीं किया है।
अर्चना चिटनिस और रंजना बघेल पहले से मंत्री हैं। शपथ ग्रहण समारोह में भाजपा के मप्र प्रभारी अनंत कुमार, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विक्रम वर्मा, नेता प्रतिपक्ष जमुना देवी, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश पचौरी, पूर्व मुख्यमंत्री सुंदरलाल पटवा व कैलाश जोशी समेत अनेक गणमान्य लोग मौजूद थे। अनंत कुमार मुख्यमंत्री श्री चौहान के साथ ही राजभवन पहुंचे।
नहीं पहुंच पाए मरावी, आज शपथ लेंगे
विस्तार में शहडोल जिले के जैतपुर से विधायक जयसिंह मरावी का भी नाम शामिल था, लेकिन वे शपथ लेने नहीं पहुंच पाए। पत्रकारों से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया श्री मरावी को गुरुवार शाम छह बजे शपथ दिलाई जाएगी।
ये बने कैबिनेट मंत्री
1.सरताज सिंह
2.नरोत्तम मिश्रा
3.उमाशंकर गुप्ता
4.अजय विश्नोई
5.विजय शाह
6.करणसिंह वर्मा
ये बने राज्य मंत्री
1.महेंद्र हार्डिया
2.नानाभाऊ मोहोड़
3.मनोहर ऊंटवाल
4. ब्रजेंद्र प्रताप सिंह
शिवराज सरकार का कैबिनेट विस्तार तस्वीरों में देखने के लिए क्लिक करें...नौ रत्न