Raipur
नक्सलियों ने बिगाड़ा ट्रेनों का शेड्यूल
नगर संवाददाता Thursday, October 29, 2009 01:53 [IST]  

रायपुर. पश्चिम बंगाल में भुवनेश्वर-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस को नक्सलियों द्वारा घंटों रोके जाने से हावड़ा-मुंबई रूट की ट्रेनों का सारा शेड्यूल बिगड़ गया है। हावड़ा से मंगलवार को रवाना हुई सभी ट्रेनें रास्ते में फंसी और उनका रूट बदल दिया गया। इस वजह से गाड़ियां बिलासपुर से सीधे रायपुर आने के बजाए उड़ीसा के रास्ते विशाखापट्टनम रूट से रायपुर पहुंची। रास्ता बदलने के कारण ट्रेनें 10-12 घंटे लेट आईं।



ट्रेनों की लेटलतीफी से स्टेशन में सुबह से अफरा-तफरी का आलम रहा। प्लेटफार्म पर जगह-जगह यात्री ट्रेन के इंतजार करते नजर आए। तड़के सुबह हल्की ठंड की वजह से भी मुसाफिरों को दिक्कत हुई। ज्यादा परेशानी ट्रेन में सवार यात्रियों को हुई, जो हावड़ा से तो समय पर चले, लेकिन रास्ते में उन्हें 10-12 घंटे ज्यादा यात्रा करनी पड़ी।



हावड़ा से सबसे पहले आने वाली हावड़ा-मुंबई गीतांजलि सुपरफास्ट 10 घंटे लेट आई। इसके बाद तड़के सुबह आने वाली शालीमार-कुर्ला एक्सप्रेस देर शाम स्टेशन पहुंची। हावड़ा-मुंबई मेल सुपरफास्ट, हावड़ा-अहमदाबाद सुपरफास्ट, हावड़ा-पुणो आजाद हिंद सुपरफास्ट देर रात राजधानी पहुंची। इन ट्रेनों की लेटलतीफी की वजह से मुसाफिरों का दम निकल गया। ट्रेन बिलासपुर नहीं गई, इस वजह से वहां आधे से ज्यादा टिकटें इन ट्रेनों की कैंसल हो गईं। ज्यादातर यात्री लोकल और पैसेंजर ट्रेनों में रायपुर आए और यहां से फिर इन्होंने देर रात अपनी गाड़ियां पकड़ी।



बर्थ को लेकर जबर्दस्त हंगामा : हावड़ा से देर रात पहुंची आजादहिंद एक्सप्रेस की बर्थ को लेकर ट्रेन में जोरदार हंगामा हुआ। बिलासपुर और आसपास के मुसाफिरों का इस ट्रेन में रिजर्वेशन था। ट्रेन बदले हुए रूट से आ रही थी, इस वजह से ज्यादातर यात्रियों की सीटें खाली रह गईं। बताते हैं कि टीसी ने 100 से ज्यादा यात्रियों की बर्थ दूसरे मुसाफिरों को एलॉट कर दी। ट्रेन रायपुर पहुंची, तो बिलासपुर और वहां के आधे यात्री इसमें सफर करने के लिए चढ़े। दुर्ग की ओर रवाना हुई ट्रेन में जब बर्थ खाली नहीं मिले तो यात्रियों ने जबर्दस्त हंगामा किया। इस बात पर टीसी और मुसाफिरों के बीच जमकर बहस भी हुई।




इंक्वायरी में भी झड़प



रेलवे स्टेशन के इंक्वायरी काउंटर में भी यात्रियों को रेलगाड़ियों के बारे में सही जानकारी नहीं मिल रही थी। इस वजह से इंक्वायरी में दोपहर बाद अधिकारियों और यात्रियों के एक गुट के साथ झड़प हुई। मेल और हावड़ा-अहमदाबाद के आने को लेकर यात्री जानकारी के लिए लाइन लगाए रहे। उन्हें सही जानकारी नहीं दी गई। दोपहर दो बजे ट्रेन के आने की जानकारी दी गई और फिर थोड़ी देर बाद दो घंटे और लेट की जानकारी दी गई। यात्री बिफर गए और वहीं अपना गुस्सा उतारने लगे।

  Bookmark and Share
 


अपने विचार यहां लिखें:
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: