रायपुर. वैशालीनगर विधानसभा उपचुनाव में भाजपा के साथ ही कांग्रेस ने भी पूरी ताकत लगा दी है। भाजपा प्रत्याशी जागेश्वर साहू के लिए जहां प्रदेश संगठन और रमन सरकार की ताकत दिख रही है वहीं कांग्रेस प्रत्याशी भजनसिंह निरंकारी के लिए प्रदेश कांग्रेस ने मोर्चा संभाल रखा है।
श्री निरंकारी कांग्रेस के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष मोतीलाल वोरा के खास समर्थक हैं। श्री वोरा दिल्ली में होने के कारण यहां समय नहीं दे पा रहे हैं। उनकी अनुपस्थिति में उनके पुत्र अरुण वोरा ने कमान संभाल रखी है। वे मुख्य चुनाव संचालक की भूमिका में हैं। इनके अलावा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष धनेंद्र साहू, कार्यकारी अध्यक्ष सत्यनारायण शर्मा के साथ ही प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी सचिव इरशाद बेग भी वैशालीनगर क्षेत्र में ही जमे हुए हैं। इनके अलावा करीब आठ विधायकों को अलग-अलग जिम्मेदारी देकर उनको प्रचार में लगाया गया है। विधायकों के दौरे आदि की जिम्मेदारी विधायक दल के सचिव अब्दुल हमीद हयात को सौंपी गई है।
इसी प्रकार भाजपा की ओर से जागेश्वर साहू के पक्ष में रमन सरकार के मंत्री हेमचंद यादव, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेमप्रकाश पांडे, सांसद सरोज पांडे और प्रदेश संगठन महामंत्री रामप्रताप सिंह लगातार सक्रिय हैं। दोनों ही दलों की ओर से प्रमुख नेताओं के मोर्चा संभालने की वजह से वैशालीनगर में प्रत्याशी पीछे हो गए हैं और दोनों दलों के संगठन में मुकाबला हो रहा है। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के विदेश प्रवास से लौटने के बाद क्षेत्र में चुनावी गरमाहट और बढ़ेगी।