भोपाल. राजधानी के स्टूडेंट्स हमेशा कुछ खास करने की चाह में नई खोज और नई कला का प्रदर्शन करते रहे हैं। इसी सिलसिले को आगे बढ़ाया है द लिवन गाइज ग्रुप ने। ग्रुप द्वारा बर्ड्स की स्वतंत्रता पर बनाई डॉयूमेंट्री ‘टाइनी फैलानी’ की एंट्री मुबंई फिल्म फेस्टिवल के लिए भेजी गई है। यह वृत्तचित्र पक्षियों की स्वतंत्रता को केंद्रित करके बनाया गया है।
ग्रुप के सदस्य अंकुश राय, वैभव सिंह चौहान और नेशू सलूजा ने बताया कि इस वृत्तचित्र के माध्यम से यह संदेश देने की कोशिश की गई है कि जब पंछी को प्रकृति ने ही आजाद बनाया है तो उन्हें कैद करके नहीं रखा जाना चाहिए। इसमें एक अपराधी और पंछी की तुलना की गई है कि एक अपराधी अपराध करने के बावजूद आजाद घूम रहा है और पंछी जिन्होंने कोई अपराध नहीं किया है उन्हें कैद करके रखा गया है।
यह वृत्तचित्र 4 मिनट और 57 सेकंड का है। ग्रुप द्वारा आगे भी अन्य विषयों पर वृत्तचित्र बनाने की योजना है। ग्रुप के सदस्यों ने अभी तक दो डॉयूमेंट्री और एक एड फिल्म तैयार की है। नेशू सलूजा ने बताया कि उनका ग्रुप लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से वृत्तचित्र का निर्माण करता है और लोगों के बीच एक सकारात्मक मैसेज देने के लिए फिल्म के लिए विभिन्न विषयों को चुनता है।