चंडीगढ़. धुंध में अब ट्रेन लेट नहीं होगी। उत्तर रेलवे अंबाला मंडल की ओर से पूरे मंडल में जीपीएस बेस्ड सिग्नल अलर्ट सिस्टम लगाए जा रहे हैं। इस सिस्टम की मदद से ड्राइवर को 600 मीटर पहले ही अगले सिग्नल की पोजीशन पता लग जाएगी। अंबाला मंडल के डिविजनल रेलवे मैनेजर एचके जग्गी ने बताया कि अंबाला से लुधियाना और राजपुरा से बठिंडा रेलमार्ग पर यह सिस्टम लगाया जा चुका है।
जग्गी ने बताया कि अंबाला-चंडीगढ़-कालका रेलमार्ग पर इस सिस्टम को लगाने के लिए मंत्रालय से अनुमति ले ली गई है। अगले साल तक इस रेलमार्ग पर भी जीपीएस आधारित सिग्नल अलर्ट सिस्टम चालू कर दिया जाएगा। चंडीगढ़ से नई दिल्ली के बीच दो शताब्दी एक्सप्रेस और एक जनशताब्दी एक्सप्रेस चलती है, इसलिए इस रेलमार्ग पर इस सिस्टम को वरीयता के आधार पर लगाया जाएगा।
इससे धुंध के मौसम में ट्रेन की रफ्तार कम नहीं करनी पड़ेगी। ड्राइवर्स को सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं और आधुनिक तकनीक के बारे में प्रशिक्षित करने के लिए सेमिनार आयोजित किए जा रहे हैं। धुंध में भी ट्रैक का पता चलता रहे इसके लिए पूरे डिविजन में सिग्नल पर डेटोनेटर्स लगाए जा रहे हैं।