नई दिल्ली. सरकारी क्षेत्र की कंपनी गेल ने चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में अपने शु्द्ध लाभ में 30 फीसदी की गिरावट दर्ज की है। पेट्रोकैमिकल्स और लिक्विड हाइड्रोकार्बन के मार्जिन में गिरावट से लाभ में यह कमी आई है। गेल के चेयरमैन बीसी त्रिपाठी के अनुसार जुलाई—सितंबर की अवधि में शुद्ध लाभ 713.23 करोड़ रुपए रहा जबकि पिछले साल की इसी अवधि में यह लाभ 1,023.45 करोड़ रुपए रहा था। उनके अनुसार पेट्रोकैमिकल की कीमतों में 10 फीसदी और लिक्विड हाइड्रोकार्बन में 40 फीसदी की सालाना आधार पर गिरावट दर्ज की गई है। कुल आय में बढ़ोतरी दर्ज की गई और यह 6,358.20 करोड़ रुपए से बढ़कर 6,371.10 करोड़ रुपए हो गई। कंपनी ने एलपीजी और केरोसिन सब्सिडी के मद में 459 करोड़ रुपए का योगदान किया। सितंबर में ही समाप्त छमाही में गेल ने 1,369.07 करोड़ रुपए का शुद्ध लाभ अर्जित किया जो पिछले साल के मुकाबले 28.71 फीसदी अधिक है।