रायपुर. नगरीय निकाय चुनावों के लिए आचार संहिता 10 नवंबर के बाद ही लगेगी। उससे पहले आचार संहिता लागू होने की कोई संभावना नहीं है। नगरीय निकाय चुनावों के लिए अभी मतदाता सूची तैयार करने का काम चल रहा है। 5 नवंबर को सभी नगरीय निकायों की मतदाता सूची को अंतिम दिया जाएगा।
उसके बाद राज्य निर्वाचन आयोग को जिला कार्यालयों से सूचना भेजी जाएगी। उसके आधार पर आयोग चुनाव की तैयारियां करेगा। इस कार्य में सप्ताह भर का समय लगने की संभावना है। इस बीच वैशालीनगर विधानसभा चुनाव की प्रक्रिया भी चलती रहेगी। वैशालीनगर में 7 नवंबर को मतदान और 10 नवंबर को मतगणना होगी।
इस कारण 10 नवंबर तक नगरीय निकाय चुनाव की अधिसूचना जारी करना संभव भी नहीं है। आयोग के सूत्रों के अनुसार नगरीय निकाय चुनावों के लिए जिला प्रशासन को अन्य चुनावों से मुक्त होने पर ही जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। इस कारण 10 नवंबर के बाद ही नगरीय निकाय की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
राज्य के 10 नगर निगमों में से नौ में, 29 नगर पालिकाओं में से 28 मं और 124 नगर पंचायतों में दिसंबर में चुनाव कराए जाएंगे। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि इन निकायों में कितने चरणों में चुनाव होंगे। संकेत हैं कि चुनाव की प्रक्रिया दो से तीन चरणों में पूरी की जाएगी।